LPG Booking Rules: कितने दिनों बाद मिलेगा सिलेंडर? केंद्र सरकार ने दूर किया कंफ्यूजन, 35 दिन गैस बुकिंग की खबरों को बताया भ्रामक
Wednesday, Mar 25, 2026-02:42 PM (IST)
एमपी डेस्क: इजराइल ईरान युद्ध के बीच गैस बुकिंग नियमों में बदलाव की खबरों के बीच एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल, गैस संकट की खबरों के बीच कई भ्रामक खबरें चल रही है। खासतौर पर यह दावा किया जा रहा है कि अब गैस सिलेंडर बुकिंग के लिए नया समय अंतराल लागू किया गया है। इसके तहत डबल सिलेंडर वालों के लिए 35 दिन, सिंगल सिलेंडर के लिए 25 दिन और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए 45 दिन का इंतजार जरूरी होगा। लेकिन गैस सकंट के बीच बड़ी अपडेट सामने आई है। सरकार ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए ऐसे सभी दावों को गलत बताया है।
Clarification: LPG Refill Booking Timings
— Ministry of Petroleum and Natural Gas #MoPNG (@PetroleumMin) March 25, 2026
Reports circulating in sections of the news and on social media about changes in LPG refill booking norms are incorrect.
There is no change in LPG refill booking norms.
• Minimum gap between two refill bookings remains:
– 25 days in… pic.twitter.com/QqTlQYPaHp
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय और पीआईबी ने अपने आधिकारिक प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि LPG बुकिंग नियमों में कोई नया बदलाव नहीं किया गया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि वायरल खबरें महज अफवाह है। दो रिफिल बुकिंग के बीच न्यूनतम अंतराल पहले जैसा ही रहेगा। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि पहले की तरह शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर ही बुकिंग होगी। इसी के साथ लोगों से ये अपील भी कि गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस सिलेंडर की पैनिक बुकिंग न करें।
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए रिफिल बुकिंग का अलग प्रावधान नहीं: सरकार
सरकार ने बुधवार को स्पष्ट किया कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए सिलेंडर रिफिल बुकिंग का कोई अलग प्रावधान नहीं किया गया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने मीडिया में आयी उन खबरों का खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि शहरी क्षेत्रों में उज्ज्वला योजना के लाभार्थी 45 दिन बाद ही अगला एलपीजी सिलेंडर बुक करा सकेंगे जबकि आम ग्राहकों के लिए यह सीमा 25 दिन की है। मंत्रालय द्वारा जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि वर्तमान में एलपीजी रिफिल बुकिंग की सिर्फ दो समय सीमा है - शहरी क्षेत्रों में 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद अगली रिफिल बुक करायी जा सकेगी। इसके अलावा किसी भी लाभार्थी के लिए कोई अलग प्रावधान नहीं है। सरकार ने लोगों से भ्रामक जानकारियों से बचने और घबराहट में आकर जल्दबाजी में बुकिंग न कराने की अपील की है। स्पष्टीकरण में कहा गया है कि देश में 'एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है' और चिंता का कोई कारण नहीं है। उल्लेखनीय है कि फरवरी तक ग्राहक सिलेंडर 21 दिन के अंतर पर अगला रिफिल बुक करा सकते थे लेकिन पश्चिम एशिया संकट के बीच आपूर्ति में आयी बाधा को देखते हुए सरकार ने अब शहरी क्षेत्रों में रिफिल बुकिंग के लिए कम से कम 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का समयांतराल निर्धारित किया है।
इसके साथ ही सरकार ने रसोई गैस व्यवस्था को स्थिर रखने के लिए एक अहम फैसला लिया है। इसके तहत पाइपलाइन के जरिए घरों तक गैस पहुंचाने की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाया जा रहा है, ताकि लोगों की सिलेंडर पर निर्भरता कम हो सके। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने प्राकृतिक गैस और पेट्रोलियम उत्पाद वितरण (पाइपलाइन बिछाने, निर्माण, संचालन और विस्तार सहित) आदेश, 2026 को आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत अधिसूचित कर दिया है। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। इस योजना का फोकस शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की पहुंच को तेजी से बढ़ाना है, ताकि घरेलू रसोई गैस पर निर्भरता धीरे-धीरे कम की जा सके।

