बंगाल की ऐतिहासिक विजय पर फफक-फफक रोए मंत्री कैलाश,रोते-रोते कैमरे पर बताया दिल का दर्द
Monday, May 04, 2026-07:21 PM (IST)
(डेस्क): देश के 5 राज्यों के चुनावी रुझान और नतीजे सोमवार को आ गए लेकिन इन नतीजों में असम और वेस्ट बंगाल की देश में सबसे ज्यादा चर्चा हुई। बंगाल में ऐतिहासिक जीत से बीजेपी के कद्दावर नेता और कभी बंगाल के प्रभारी रहे कैलाश विजयवर्गीय काफी भावुक दिखे।इंदौर में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इस जीत पर भावुक दिखाई दिए। वह अपनी दिल की बात जुबान पर लाते ही फफक- फफक रो पड़े और कहा कि ममता बनर्जी ने मुझपर 38 केस करवाए थे।
कैमरे पर दिल का दर्द सुनाते रोने लगे कैलाश
कैमरे पर ही दिल का दर्द सुनाते हुए कैलाश रोने लगे और फिर अपने आंसू पोंछे। कैलाश ने कहा कि उनके ऊपर रेप और बच्चा बेचने तक के केस लगाए गए थे, इसके कारण वो पिछले 6 साल मानसिक पीड़ा में रहे। आज ये मेरे आंसू प्रसन्नता के है ना की दुख के। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार में भाजपा के कार्यकर्ताओं को भी प्रताड़ित किया गया। संघ के प्रचारकों पर भी बलात्कार के मामले लगाए गए,लेकिन आज जनता ने हिसाब कर दिया और भाजपा को बहुमत दिया।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ममता बनेर्जी ने तो जेल में डालने की पूरी व्यवस्था कर ली थी लेकिन देश की न्यायपालिका से उन्हें न्याय मिला और मैं आज आप सबके सामने हूं। ममता सरकार ने 38 केस दर्ज किए थे,लेकिन देश के कोर्ट ने उनका साथ दिया।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बंगाल में एक तंत्र चलता है जिसमें तृणमूल कांग्रेस, कुछ अफसर और गुंडे शामिल है। बंगाल में किसी पर कभी भी बम फेंकें जा सकते है या गोली चल सकती है। आपको बता दें कि कैलाश विजयवर्गीय 2015 से 2021 तक पश्चिम बंगाल में बीजेपी के प्रभारी रहे। यह माना जाता है कि भाजपा को बंगाल में मजबूत करने में कैलाश की रणनीति काफी कामयाब रही है। तभी आज बंगाल विजय के साथ ही अपने प्रभारी दिनों को याद करते हुए वो फफक कर रो पड़े।

