बाबा महाकाल की शरण में परिणीति और राघव चड्डा, नंदीहाल में बैठकर की पूजा अर्चना
Saturday, Aug 26, 2023-03:17 PM (IST)

उज्जैन(विशाल सिंह): बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा अपने मंगेतर राज्यसभा सांसद राघव चड्डा के साथ महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंची। उन्होंने नंदी हाल में बैठकर भगवान का पूजा अर्चना की और चांदी द्वार पर माथा टेककर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। बता दें कि 25 सितंबर 2023 को परिणीति और राघव चड्ढा परिणय बंधन में बंधने वाले हैं।
श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति के नियमों का पालन करते हुए अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा साड़ी पहने दिखाई दी तो वही मंगेतर भी पारंपरिक वेशभूषा कुर्ते पजामे में बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे थे। महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित यश गुरु ने बताया कि परिणीति चोपड़ा बाबा महाकाल की अनन्य भक्त है। 26 दिसंबर 2022 को भी वह उज्जैन आई थी और बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुई थी।
इसके बाद शादी के पहले वह अपने मंगेतर राज्यसभा सांसद राघव चड्डा के साथ बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने आज उज्जैन आई। पंडित यश गुरु ने बताया कि नंदी हॉल में अभिनेत्री परिणीती चोपड़ा ने अपने मंगेतर राघव चड्डा के साथ बाबा महाकाल का विशेष पूजन अर्चन श्री सूक्त के पाठ के साथ किया। इस दौरान वे बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आई।