Punjab Kesari MP ads

पूर्व सीएम और महिला IAS अधिकारी के AI वायरल वीडियो से सियासी भूचाल! अब होगा ये बड़ा एक्शन

Tuesday, Apr 28, 2026-01:18 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पूर्व सीएम भूपेश बघेल और आईएएस अधिकारी सौम्या चौरसिया के एक कथित एआई-जनरेटेड वीडियो को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस वीडियो में पूर्व सीएम बघेल और अधिकारी सौम्या चौरसिया को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होते ही राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

एआई वीडियो से बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए तैयार किया गया है। इसमें दोनों को डेट करते, बाइक पर जाते, सिगरेट सुलगाते और उनके निजी पलों और साथ समय बिताते हुए दिखाया गया है। हालांकि, इसकी प्रामाणिकता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और इसे फर्जी बताया जा रहा है।

कांग्रेस का विरोध और आरोप

वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह पूर्व मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की साजिश है। उन्होंने इसे “चरित्र हनन” बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

महिला आयोग का स्वतः संज्ञान

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने साइबर सेल को निर्देश दिए हैं कि वीडियो बनाने और उसे वायरल करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

पुलिस को FIR दर्ज करने के निर्देश

महिला आयोग ने दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि दोषियों पर कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

सोशल मीडिया से हुआ प्रसार

जानकारी के अनुसार, यह वीडियो इंस्टाग्राम पर “Congress_pollkhol” नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया था और “randomchhattisgarh” नाम के यूजर के साथ मिलकर साझा किया गया। आरोप है कि इसे जानबूझकर वायरल किया गया।

पहले से जुड़ा रहा है नाम

गौरतलब है कि सौम्या चौरसिया, भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान उनकी सचिव रह चुकी हैं। इसी वजह से यह मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है और राजनीतिक रंग ले चुका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News