साध्वी प्रज्ञा बोली- कांग्रेस अपना अस्तित्व खो बैठी है, इसलिए हिंदुओं की शरण में आना पड़ा, यह उनकी पराजय
Thursday, Dec 01, 2022-11:53 AM (IST)

भोपाल(प्रतुल पाराशर): राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर भाजपा शुरुआत से ही हमलावर है और तरह-तरह के बयान दे रही है। बीते दिनों मध्यप्रदेश में यात्रा के दौरान राहुल गांधी के ओमकारेश्वर में नर्मदा मैया की पूजा करने और ओमकारेश्वर भगवान के दर्शन करने के बाद कल उज्जैन में बाबा महाकाल के चरणों में साष्टांग होने पर भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने निशाना साधा है। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि हिंदुस्तान में अगर किसी को राजनीति करना है तो भगवान की शरण में तो जाना ही पड़ेगा। राहुल गांधी को बड़ी देर में यह बात समझ में आई। चलो अच्छा है कम से कम वह सनातन धर्म तो मान रहे हैं। इसके साथ-साथ उन्होंने दिग्विजय सिंह के डांस करने और यात्रा में लगातार शामिल होने को लेकर तंज कसते हुए कहा कि एक 80 साल का बुजुर्ग इस उम्र में क्या करेगा मैंने उनके कुछ वीडियो देखे हैं जिसमें वह डांस कर रहे हैं गिर रहे हैं।
वही कमलनाथ के वायरल एक वीडियो जिसमें वे इंदौर में कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला द्वारा आयोजित शिवपुराण कथा सुनने पहुंचे जहां पं प्रदीप मिश्रा के सामने यह कह रहे हैं, कि वह 7 दिन से मर रहे हैं। इस पर साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कमलनाथ पर निशाना साधा, और कहा कि कमलनाथ एक ऐसे नेता हैं जिन्हें सिर्फ आगे किया जा रहा है, लेकिन सच्चाई तो यह है कि, कांग्रेस के ही लोग उन्हें पसंद नहीं करते। इसके अलावा अभिनेत्री रवीना टंडन सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का जो वीडियो वायरल हो रहा है उस पर प्रज्ञा ठाकुर का कहना है कि यह कानूनी मसला है कानून के हिसाब से कार्रवाई होना चाहिए।