पांढुर्णा में तेज रफ्तार का आतंक: आयशर ट्रक ने स्कूटी सवार पिता-बेटी को कुचला, युवती की इलाज के दौरान मौत

Tuesday, Feb 10, 2026-08:02 PM (IST)

पांढुर्णा (पंकज मदान): शहर में बेलगाम रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे शंकर नगर स्थित नागपुर रोड पर तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने स्कूटी सवार पिता-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आयशर ट्रक तेज गति से नागपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती सड़क पर दूर जा गिरी और मौके पर ही अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। चश्मदीदों का कहना है कि स्कूटी करीब 100 फीट तक ट्रक में घसीटती चली गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पैर और जांघों में गंभीर चोट, हालत थी नाजुक
डॉक्टरों के मुताबिक युवती के पैर और जांघों में गंभीर चोटें आई थीं और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। इसी वजह से उसे नागपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में युवती के पिता को भी चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नागपुर भेजा गया है।

बढ़ते सड़क हादसों से लोगों में आक्रोश
शहर में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पांढुर्णा में तेज रफ्तार भारी वाहनों का आतंक बढ़ता जा रहा है। नो-एंट्री का समय समाप्त होते ही पुराने नेशनल हाईवे-47 से भारी वाहन तेज रफ्तार में शहर के बीचों-बीच दौड़ने लगते हैं, जो अब तक कई लोगों की जान ले चुके हैं। स्थानीय लोगों ने यातायात पुलिस और पांढुर्णा पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि कार्रवाई केवल हेलमेट और सीट बेल्ट के चालान तक सीमित रह गई है, जबकि भारी वाहन बेधड़क नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए शहर से गुजर रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News