कमलनाथ की सरकार क्यों गिरी ? दिग्विजय सिंह ने ‘डिनर पार्टी’ के खोले राज! भाजपा बोली- अब पछताय क्या होत...
Monday, Aug 25, 2025-01:59 PM (IST)

भोपाल : 2020 मध्य प्रदेश की राजनीति में एक यादगार साल रहा है। जब कांग्रेस नेता कमलनाथ की बनी बनाई सरकार अचानक गिर गई थी। इस सारे घटनाक्रम में ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य भूमिका थी। लेकिन अब लगभग 5 साल बाद पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने खुद तत्कालिन मुख्यमंत्री कमलनाथ को ही जिम्मेदार ठहरा दिया। ऐसे में दोनों के बीच रार खड़ी हो गई है और अब कमलनाथ ने भी करारा जबाव दिया है। वहीं भाजपा को बैठे बठाए मुद्दा मिल गया। भाजपा ने तंज कसते हुए कहा कमलनाथ और दिग्विजय सिंह कल भी लड़ रहे थे और आज भी लड़ रहे हैं।
क्या कहा था दिग्विजय सिंह ने...
दिग्विजय सिंह ने कहा था कि कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया के कॉमन फ्रेंड बिजनेसमैन के घर डिनर पार्टी हुई थी, जिसमें कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल थे। बैठक में तय हुआ था कि ग्वालियर चंबल के मुद्दों पर जो ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह जो तय करेंगे, उसका पालन होगा। जिसमें मैंने भी साइन किए थे, लेकिन लिस्ट का पालन नहीं किया गया। इसकी वजह से सिंधिया नाराज हो गए और सरकार गिर गई। यानी दिग्विजय ने कमलनाथ का सिंधिया को संतुष्ट न कर पाना तत्कालीन सरकार गिरने की वजह बता दिया।
कमलनाथ को ठहराया जिम्मेदार
दिग्विजय ने माना कि अगर उस समय ग्वालियर-चंबल संभाग से जुड़ी मांगों को कमलनाथ मान लेते, तो शायद सरकार गिरने की नौबत ही नहीं आती। उन्होंने साफ कहा कि कमलनाथ ने सिंधिया के साथ किए समझौते का पालन नहीं किया अगर किया होता तो शायद सरकार न गिरती। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ‘मेरा न तो माधवराव सिंधिया से विवाद था और न ही सिंधिया से, समस्या समझौते के अमल न होने की थी।
कमलनाथ की प्रतिक्रिया
दिग्विजय सिंह के बयान के बाद कमलनाथ की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ़ इतना कहना चाहता हूँ कि पुरानी बातें उखाड़ने से कोई फ़ायदा नहीं। लेकिन यह सच है कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया को यह लगता था कि सरकार दिग्विजय सिंह चला रहे हैं। इसी नाराज़गी में उन्होंने कांग्रेस के विधायकों को तोड़ा और हमारी सरकार गिरायी।
आपको बता दें कि शनिवार को एक चैनल को दिये इंटरव्यू में दिग्विजय सिंह ने सिंधिया के सरकार गिराने की परिस्थितियों का ठीकरा पूर्व सीएम कमलनाथ पर फोड़ा। दिग्गी ने कहा था कि यदि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के बारे मे कमलनाथ ज्योतिरादित्य सिंधिया की मांग मान लेते तो सरकार नहीं गिरती।
भाजपा ने कसा तंज
दिग्विजय सिंह कमलनाथ वॉर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह कल भी लड़ रहे थे आज भी लड़ रहे हैं। “अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत" विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा यही तो हम पहले कहते थे यही बात तत्कालीन मंत्री उमंग सिंघार ने कही थी कि सरकार दिग्विजय सिंह चला रहे हैं।
उद्योग पति कांग्रेस की आपसी कलह को सुलझाते थे यह भी उजागर हुआ है। कांग्रेस द्वारा जनता से किए वादे से मुकरने पर सिंधिया ने सड़कों पर उतरने को कहा था पर जनता और सिंधिया आवाज कमलनाथ ने नहीं मानी? जनता ने अपना आशीर्वाद दिया सिंधिया वरिष्ठ नेता हैं और कमलनाथ दिग्विजय सिंह कल भी लड़ रहे थे आज भी लड़ रहे हैं।