सिलेंडर चोरी के डर से टॉयलेट को बनाया किचन! तैयार किया जा रहा मीड-डे मील..टीचरों के कारनामें से हड़कंप
Monday, Mar 30, 2026-03:20 PM (IST)
डिंडोरी: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां गैस चोरी के डर से सरकारी स्कूल के शौचालय में मिड डे मील तैयार किया जा रहा था। आरोप है कि यह सिलसिला पिछले कई दिनों से जारी थी। मामला सामने आते ही बीआरसी अधिकारी ने ब्लॉक स्तर के शिक्षा कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के मुताबिक, शहपुरा ब्लॉक के डोमदादर गांव में तकरीबन 2 से तीन महीनें से प्राथमिक स्कूल के बच्चों का मिड-डे मील शौचालय परिसर के भीतर बन रहा था। स्कूल के लगभग 30 बच्चे इस खाने को खा रहे थे।
मामले का खुलासा ग्रामीणों की शिकायत से हुआ तो हड़कंप मच गया। परियोजना अधिकारी विपिन दहेरिया और बीआरसी गुरु प्रसाद साहू ने शनिवार को स्कूल का औचक निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि 3 साल स्कूल का किचन शेड जर्जर था। नवंबर में एलपीजी सिलेंडर चोरी हो गए। ऐसे में स्कूल प्रबंधन ने कथित तौर पर सरपंच मनोज कुमार मार्को और सचिव बलराम सैयाम के निर्देश पर खाना पकाने की व्यवस्था शौचालय में करने की सलाह दी।
इतना ही नहीं परियोजना अधिकारी विपिन दहेरिया और बीआरसी गुरु प्रसाद साहू के औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षकों ने इसे छिपाने की पूरी कोशिश की। परिसर में निरिक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि जिस शौचालय में खाना बन रहा था, वह अधूरा था और उसे अंदर से मॉडिफाई किया गया था। आरोप है कि शिक्षक माधो सिंह परस्ते और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुभद्रा ने इस बात की जानकारी स्वंय अधिकारियों को नहीं थी।
अधिकारियों ने तत्काल मामले को संज्ञान में लेते हुए ब्लॉक स्तर के शिक्षा कर्मचारियों और शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं जब तक नया कीचन तैयार नहीं होता तब तक के लिए खाना पकाने की व्यवस्था को स्कूल के दूसरे भवन में कर दी गई है।

