Punjab Kesari MP ads

पूर्व IPS पर फर्जी जाति सर्टीफिकेट इस्तेमाल करने के आरोप में FIR! पत्नी है भाजपा की वरिष्ठ नेत्री

Saturday, Sep 19, 2026-06:53 PM (IST)

भोपाल : मध्य प्रदेश में पूर्व आईपीएस अधिकारी रघुवीर सिंह मीणा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जाति प्रमाण पत्र को लेकर चल रही शिकायत और जांच के बाद पुलिस मुख्यालय की सतर्कता शाखा ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोप है कि अलग-अलग समय पर अलग-अलग जाति प्रमाण पत्रों का इस्तेमाल कर सरकारी सेवाओं और आरक्षण का लाभ लिया गया।

दरअसल, पूर्व विधायक ममता मीणा के पति और पूर्व आईपीएस अधिकारी रघुवीर सिंह मीणा पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र इस्तेमाल करने का आरोप है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हुई जांच के बाद उनके खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, गलत दस्तावेज के इस्तेमाल और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रघुवीर सिंह मीणा ने सरकारी शिक्षक की नौकरी हासिल करने के दौरान खुद को ओबीसी वर्ग का बताया और इसी आधार पर जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया। लेकिन बाद में एमपीपीएससी की परीक्षा में डीएसपी पद के लिए उन्होंने खुद को एसटी वर्ग का बताया। आरोप है कि इसी एसटी प्रमाण पत्र के आधार पर उन्हें पुलिस सेवा में चयन मिला और आगे भी सेवा से जुड़े लाभ हासिल किए गए।

इस मामले में गुना निवासी हरवीर सिंह रघुवंशी ने शिकायत की थी। शिकायत के बाद पुलिस मुख्यालय की सतर्कता शाखा और जांच समिति ने मामले की पड़ताल की। जांच में कथित तौर पर यह बात सामने आई कि रघुवीर सिंह मीणा का एसटी प्रमाण पत्र विदिशा से जारी हुआ था। अब इस प्रमाण पत्र की वैधता और उनके मूल निवासी होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

साथ ही, प्रमाण पत्र जारी करने वाले कर्मचारी की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। रघुवीर सिंह मीणा का चयन साल 1986 में डीएसपी के पद पर हुआ था और साल 2001 में उन्हें आईपीएस अवॉर्ड मिला था।

वहीं उनकी पत्नी ममता मीणा बीजेपी से विधायक रह चुकी हैं। ममता मीणा साल 2013 से 2018 तक गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा सीट से विधायक रही हैं। वर्तमान में वह गुना जिला पंचायत की सदस्य हैं। फिलहाल जाति प्रमाण पत्र से जुड़े आरोपों को लेकर पूर्व आईपीएस रघुवीर सिंह मीणा के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। अब जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News