Punjab Kesari MP ads

MP में बड़ा हादसा: वृंदावन से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, 120 लोग थे सवार, मच गई चीख पुकार

Saturday, Aug 01, 2026-02:04 PM (IST)

ग्वालियर (अंकुर जैन) : ग्वालियर जिले के भितरवार थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वृंदावन में गिर्राज जी की परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी आयशर वाहन को पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को पकड़कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भितरवार-करैरा मार्ग पर गोहिंदा के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक करीब 120 श्रद्धालुओं से भरी आयशर वृंदावन स्थित गिर्राज जी की परिक्रमा कर अपने गांव लौट रही थी। रास्ते में वाहन सड़क किनारे रुका हुआ था, जहां कुछ श्रद्धालु नीचे उतरे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने आयशर में जोरदार टक्कर मार दी।

PunjabKesari

टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई श्रद्धालु घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में 40 वर्षीय लखन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित्रा, सिरनाम केवट, मुस्कान, धनीराम, रूपेश बाथम, सखी और अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार में प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार शिवदयाल शर्मा, भितरवार थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को मौके से पकड़ लिया है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News