दिवंगत नरेंद्र सलूजा के घर पहुंचे CM मोहन, दी श्रद्धांजलि, बोले- वे सिद्धांतों की राजनीति करते थे
Friday, May 02, 2025-04:58 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी) : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के दिवंगत प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा के इंदौर स्थित घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सलूजा का बुधवार (30 अप्रैल) को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वह 52 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री यादव, सलूजा के रानीबाग स्थित घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद उनके शोकसंतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अब नरेंद्र सलूजा जैसे कम लोग होते हैं जिनकी लेखनी में और जानकारी में बहुत धार थी। उन्होंने कहा कि राजनैतिक उसूल वाले बहुत कम लोग होते हैं। वह अपमान स्वरूप कमलनाथ की सरकार के बाद भाजपा में आए थे। जिस दिन से भाजपा ज्वाइन की थी तब से ईमानदारी से पार्टी के लिए काम कर रहे थे। इनके इस समाचार से मैं ही नहीं सभी लोग स्तब्ध हो गए थे।
बता दें कि सलूजा के शोक में डूबे उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। सलूजा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी, लेकिन 2022 में वह पाला बदल कर भाजपा में शामिल हो गए थे। यह घटनाक्रम उस वक्त हुआ था, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में पार्टी की "भारत जोड़ो यात्रा" मध्यप्रदेश से गुजर रही थी।