Punjab Kesari MP ads

भाजपा में 1500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी! जल्द जारी होगी सूची

Saturday, Apr 18, 2026-06:40 PM (IST)

भोपाल : आने वाले समय में मध्य प्रदेश में होने वाले निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा अभी से एक्शन मोड में आ गई है। चुनाव में जीत के लिए भाजपा अभी से रणनीति के तहत तैयारियां शुरु कर दी है। भाजपा ने संगठन को मजबूत करने के लिए 1500 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं को पद देने की योजना तैयार की है। इससे पहले पार्टी एल्डरमैनों की घोषणा कर चुकी है और आने वाले समय में प्रदेश कार्य समिति, जिला स्तर, निगम-मंडल और विभिन्न प्रकोष्ठों में रिक्त पड़े पदों पर जल्द ही नई नियुक्तियां करेगा।

जानकारी के मुताबिक, जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा आने वाले दिनों में 15 सौ से ज्यादा कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारेगी। निकाय और पंचायत चु‌नावों में जीत हासिल कर 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत जमीन तैयार करना है। हालांकि इसके लिए निगम मंडलों की नियुक्तियों को फिलहाल होल्ड करके एल्डरमैनों की घोषणा की जाएगी। जिसके तहत संगठन में युवा, महिला, और अन्य वर्गों को नए चेहरों के रूप में अवसर दिए जाने की तैयारी है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश में अगले कुछ दिनों के भीतर करीब 1500 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों पर नियुक्त करने की तैयारी है। इस रणनीति के तहत 200 से अधिक नगरीय निकायों में एल्डरमैन नियुक्त किए जाएंगे, वहीं 500 से अधिक सरकारी कॉलेजों की जनभागीदारी समितियों में भी नियुक्तियां प्रस्तावित है।

बताया जा रहा है कि इन नियुक्तियों के लिए सीएम मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खडेलवाल द्वारा नाम लगभग फाइनल किए जा चुके हैं। इससे पहले भी प्रदेश के 169 नगरीय निकायों में कुल 768 एल्डरमैनों की पहली सूची जारी की जा चुकी है। जिसमें 123 नगर परिषदों में चार-चार और 46 नगर पालिकाओं में छह-छह एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। हालांकि, अभी नगर निगमों में एल्डरमैन नियुक्ति लंबित है, जिसे राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस बीच, संगठन ने नियुक्तियों को लेकर सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। क्योंकि हाल ही में जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद कुछ नियुक्तियों को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी इसलिए संभाग प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि किसी भी स्थिति में विवादित चेहरों को नियुक्ति सूची में शामिल न किया जाए। पार्टी का मानना है कि विवादित नियुक्तियां पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News