Punjab Kesari MP ads

BJP नेता के बेटे ने उठाया खौफनाक कदम, मौत की वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

Sunday, Jul 26, 2026-02:15 PM (IST)

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा शहर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। भाजपा के पूर्व पार्षद धर्मेंद्र माली के 19 वर्षीय बेटे तरुण माली ने शनिवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। रविवार सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। तरुण फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, तरुण पिछले करीब डेढ़ वर्ष से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था। बताया गया कि वह पहले कोमा में जा चुका था, जिसके बाद उसे बार-बार मिर्गी जैसे दौरे पड़ने लगे थे। बीमारी के कारण उसने घर से बाहर निकलना लगभग बंद कर दिया था और मानसिक रूप से भी काफी परेशान रहने लगा था।

मृतक के पिता एवं भाजपा के पूर्व पार्षद धर्मेंद्र माली ने बताया कि घटना वाले दिन भी तरुण को दो बार दौरे पड़े थे। देर रात तक वह अपने छोटे भाई के साथ कमरे में था, लेकिन उसके बाद कब उसने यह कदम उठा लिया, इसकी भनक परिवार के किसी सदस्य को नहीं लग सकी।

पुलिस के अनुसार, घटना शहर के कुलहरदा मोहल्ले की है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर पंचनामा कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News