Punjab Kesari MP ads

उधारी के 7 लाख मांगना पड़ा भारी? फायरिंग के बाद दुष्कर्म के झूठे केस की धमकी, पीड़ित ने SDOP से लगाई गुहार

Thursday, Oct 08, 2026-01:34 PM (IST)

डबरा (भरत रावत): मध्य प्रदेश के डबरा में लेन-देन के विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां उधारी के 7 लाख रुपये वापस मांगना एक व्यक्ति और उसके परिवार के लिए परेशानी का कारण बन गया। पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर पहले उसके घर पहुंचकर फायरिंग की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। अब पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उस पर दबाव बनाने के लिए उसे दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित के मुताबिक, कथित तौर पर झूठे मामले में फंसाने के लिए 25 लाख रुपये की मांग भी की गई है।

मामले को लेकर डबरा गांव निवासी केशव सेन ने डबरा SDOP सौरभ कुमार को शिकायती आवेदन सौंपकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। पीड़ित ने अपने और परिवार के जान-माल की सुरक्षा की मांग करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है।

केशव सेन के मुताबिक, आरोपी सुनील रावत पहले उसके मकान में किराएदार के रूप में रहता था। दोनों के बीच अच्छे संबंध होने के चलते सुनील रावत ने जेवरात छुड़ाने के नाम पर केशव सेन से 7 लाख रुपये उधार लिए थे। बाद में सुनील रावत ने अपना निजी मकान बना लिया और वहां रहने लगा।

PunjabKesari

पीड़ित के शिकायती आवेदन के मुताबिक, जब केशव सेन ने अपनी उधारी की रकम वापस मांगी तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि 1 अगस्त की रात सुनील रावत अपने साले के साथ केशव सेन के घर पहुंचा। यहां गाली-गलौज करने के साथ कथित तौर पर हवाई फायरिंग की गई और धमकी दी गई।

इसके बाद पीड़ित का आरोप है कि 12 अगस्त की सुबह भी आरोपी हथियार लेकर उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए दो हवाई फायर किए। इस दौरान जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर डबरा पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। FIR दर्ज होने के बाद अब विवाद ने एक नया मोड़ ले लिया है। केशव सेन ने SDOP को दिए ताजा आवेदन में आशंका जताई है कि पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी पक्ष उससे रंजिश रख रहा है।

पीड़ित का आरोप है कि अब उसे फोन पर लगातार धमकियां दी जा रही हैं और दबाव बनाने के लिए उसे गंभीर मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। केशव सेन का दावा है कि आरोपी पक्ष उसकी पत्नी या किसी अन्य महिला के माध्यम से उसके खिलाफ छेड़छाड़ या दुष्कर्म जैसा मामला दर्ज करवाने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित धमकियों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

केशव सेन ने अपने शिकायती आवेदन में आरोपी सुनील रावत, उसके साले और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही लगातार मिल रही कथित धमकियों को देखते हुए उसने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।

पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और कार्रवाई नहीं की तो उसके और उसके परिवार के साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है। फिलहाल, शिकायती आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News