जंगल में खौफनाक खुलासा: महिला का शव और पास में भ्रूण बरामद… पुलिस को हत्या और गर्भपात का शक

Monday, Dec 01, 2025-04:01 PM (IST)

मंडला। मध्यप्रदेश के मंडला जिले से सोमवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। घुघरी थाना क्षेत्र की सलवाह चौकी अंतर्गत तबलपानी (धवलपानी) गांव के जंगल में एक अज्ञात महिला का संदिग्ध हालत में शव मिला। सबसे चौंकाने वाली बात महिला के शव से कुछ ही दूरी पर 4–5 महीने का भ्रूण भी बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर ग्रामीण दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर सलवाह चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील किया। मौके से दोनों शव कब्जे में लेकर पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 25–27 वर्ष आंकी जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। भ्रूण का महिला की कोख से होना लगभग तय माना जा रहा है, जिससे हत्या, अवैध संबंध, जबरन गर्भपात या किसी बड़े षड्यंत्र की आशंकाएं और गहरा गई हैं।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस आसपास के गांवों में लापता महिलाओं और युवतियों की जानकारी खंगाल रही है। इस रहस्यमयी दोहरी घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। लोग जगह-जगह इस वारदात को लेकर चर्चाएं कर रहे हैं और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। जंगल में मिला यह दोहरा राज पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News