BJP नेता की दहशत से SP ऑफिस पहुंचा डरा हुआ परिवार, बोला-हमें जान का खतरा है, उसको अरेस्ट किया जाए
Saturday, Feb 07, 2026-06:35 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर जिले के ग्राम ऐरोरा में जटाशंकर हरिजन मत्स्य उद्योग समिति मर्यादित से जुड़े तालाबों पर कथित गुंडागर्दी और मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा नेता आशीष रैकवार द्वारा तालाब पर मारपीट और धमकी देने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था, लेकिन अब पीड़ित छन्नूलाल अहिरवार और उसका परिवार एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगा रहा है।
पीड़ित छन्नूलाल अहिरवार का कहना है कि जटाशंकर हरिजन मत्स्य उद्योग समिति मर्यादित, ऐरोरा शासन द्वारा समिति को आवंटित है, जिसका पंजीयन क्रमांक 743 दिनांक 09 जनवरी 1995 है। समिति के माध्यम से वह वर्षों से पठार तालाब और बक्सीई तालाब में मत्स्य पालन का कार्य कर रहा है। आरोप है कि 21 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे भाजपा नेता आशीष रैकवार अपने तीन अन्य साथियों के साथ तालाब पर पहुंचा और जबरन मछली पकड़ने लगा। इस दौरान करीब 30 कुंटल मछली ले जाने का आरोप है।
छन्नूलाल के अनुसार, विरोध करने पर आशीष रैकवार और उसके साथियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, तालाब से नाव छीन ली और उसे बंधक बनाकर जान से मारने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी गई कि यदि उसने कहीं शिकायत की तो उस पर कट्टे का झूठा मामला दर्ज करवा दिया जाएगा।
पीड़ित का कहना है कि घटना में आशीष रैकवार के साथ अन्य लोग भी शामिल थे, लेकिन पुलिस ने उनके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते वह और उसका परिवार गांव छोड़ने को मजबूर है और जान का खतरा महसूस कर रहा है। छन्नूलाल और उसकी पत्नी उषा अहिरवार ने एसपी को आवेदन देकर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।
आंदोलन की चेतावनी..
वहीं मामले में पीड़ित परिवार के साथ अहरिवार समाज और अजाक्स संगठन ने भी एसपी ऑफिस पहुंचकर भाजपा नेता और उसके साथियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कहा है कि अगर जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

