आस्था के सफर पर दरिंदगी का हमला! युवक से लूट के बाद युवती को बनाया हवस का शिकार, पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे 5 आरोपी
Saturday, Aug 01, 2026-02:38 PM (IST)
गुना (मिसबाह नूर): आस्था के केंद्र हनुमान टेकरी से दर्शन कर लौट रहे एक युवक-युवती ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि भगवान के दर से लौटते ही उनकी जिंदगी का सबसे भयावह सफर शुरू हो जाएगा। सुनसान रास्ता, मदद का झांसा और फिर इंसान के भेष में छिपे दरिंदों का हमला। पहले बेरहमी से मारपीट, फिर लूटपाट और उसके बाद युवती की अस्मिता को रौंदने की दर्दनाक कहानी। दरिंदों की मानसिकता इतनी ख़ौफ़नाक थी कि प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाल कर अपनी कुंठा को तृप्त किया।
इस वारदात ने समाज की संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया। राहत की बात यह है कि गुना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस जघन्य कांड का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं। 31 जुलाई की रात झारखंड निवासी युवक और युवती हनुमान टेकरी से दर्शन कर वापस एनएफएल लौट रहे थे। तभी रास्ते में सात बदमाशों ने उनकी बाइक पंक्चर होने का बहाना बनाकर उन्हें रोक लिया। भरोसा दिलाने के बहाने दोनों को सुनसान जंगल की ओर ले जाया गया, जहां दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी गईं।
आरोपियों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, दोनों से मोबाइल फोन और पर्स लूट लिए और फिर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। जंगल की खामोशी उस युवती की चीखों और युवक की बेबसी की गवाह बन गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन उनकी आजादी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल ने दिन-रात एक कर तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और लगातार चलाए गए सर्च अभियान के आधार पर 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक अपराधी महिलाओं की सुरक्षा और कानून को चुनौती देते रहेंगे। हालांकि इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने यह भरोसा जरूर दिलाया है कि अपराधी चाहे जितना भी बचने की कोशिश करें, कानून की पकड़ से बच नहीं सकते।

