Punjab Kesari MP ads

शिक्षको की जिंदगी में आई बहार, 1595 शिक्षकों की पदोन्नति सूची जारी, त्योहार जैसा माहौल

Thursday, Feb 05, 2026-08:47 PM (IST)

(जगदलपुर): छतीसगढ़ के शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से पदोन्नति की राह ताक रहे टीचर्स के लिए राहत वाली खबर है। दरअसल बस्तर संभाग के शिक्षा विभाग में पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों का लंबा इंतजार खत्म हो गया है। शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक ने एक बड़ा काम करते हुए पदोन्नति के लिए पात्र शिक्षकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची के जारी होते ही शिक्षकों के लिए जैसे बहार आ गई हो।

जानकारी के मुताबिक विभाग ने 1 अप्रैल 2024 की वरिष्ठता स्थिति को आधार मानते हुए  कुल 1595 शिक्षकों की पात्रता सूची जारी की गई है। इसे शिक्षकों के लिए बडी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।गौर करने वाली बात ये भी है  कि विभाग ने पदोन्नति के लिए रिक्त पदों के विरुद्ध डबल संख्या में पात्र शिक्षकों की सूची जारी की है,  इससे चयन प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आएगी और सब आसानी से हो जाएगा।

किन-किन शिक्षकों को मिली सौगात

विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक इस सूची में सबसे अधिक नाम टी (ट्राइबल) संवर्ग के शिक्षकों का है। इसमें टी-संवर्ग (एलबी) के सर्वाधिक 1300 शिक्षक और टी-संवर्ग (नियमित) के 235 शिक्षक शामिल हैं।वहीं दूसरी ओर ई (एजुकेशन) संवर्ग से नियमित और एलबी श्रेणी के 30-30 शिक्षकों के नाम सूची में शामिल है।

इस सूची के जारी होने के साथ ही पदोन्नति प्रक्रिया अब अपने अगले और अहम चरण में प्रवेश कर गई है। 13 फरवरी तक पात्र शिक्षकों की गोपनीय चरित्रावली, चल-अचल संपत्ति का विवरण जैसी औपचारिकताएं पूरी होंगी। और 23 फरवरी को अंतिम पदोन्नति आदेश जारी किए जाएंगे।

6 मार्च को नई सुबह, शिक्षकों को मिल जाएगी पोस्टिंग

इसी बीच एक बात गौर करने वाली है कि शिक्षकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग शिक्षकों को उनकी पसंद के स्कूल आवंटित करेगा।  2 से 5 मार्च के बीच काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होगी और  फिर 6 मार्च को शिक्षकों को नए स्कूलों में पोस्टिंग मिल जाएगी। लिहाजा इस पदोन्नति सूची से शिक्षकों में खुशी और त्योहार जैसा माहौल देखा जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh sharma

Related News