घर पर मेहमान आए तो “थोड़ी पी ली”, नशे में बच्चों को पढ़ाने पहुंचा सरकारी स्कूल का शिक्षक, हुआ सस्पेंड
Tuesday, Apr 14, 2026-04:45 PM (IST)
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल का शिक्षक शराब के नशे में ही बच्चों को पढ़ाने पहुंच गया। घटना लैलूंगा विकासखंड के छातासराई प्राथमिक शाला की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक कुष्टोराम भोय कथित तौर पर नशे की हालत में कक्षा में पहुंचे। इस दौरान उनकी हालत देखकर ग्रामीणों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। किसी ने मौके का वीडियो बना लिया, जो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। आरोप है कि शिक्षक पहले भी कई बार नशे में स्कूल पहुंच चुका है, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर लगातार असर पड़ रहा था। इस बार मामला सामने आने के बाद पालक और शाला प्रबंधन समिति ने सख्त रुख अपनाया। वीडियो में शिक्षक खुद यह स्वीकार करते नजर आ रहा है कि उसने थोड़ी सी शराब” पी रखी थी। उसने सफाई देते हुए कहा कि घर में मेहमान आए थे, जिसके कारण उसने शराब पी और उसी हालत में स्कूल आ गया। हालांकि, यह सफाई लोगों को रास नहीं आई।
मामले की शिकायत संकुल समन्वयक को दी गई, जिसके बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। लैलूंगा के बीईओ रवि सारथी ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ पहले से भी शिकायतें मिल रही थीं। ताजा मामले की जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई, जिसके आधार पर तत्काल प्रभाव से शिक्षक को निलंबित कर दिया गया।
वहीं, अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो वे आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों की निगरानी व्यवस्था और शिक्षकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

