दतिया में उप चुनाव पर हलचल बढ़ी, BJP से चुनावी मैदान में उतरेंगे नरोत्तम मिश्रा! कांग्रेस से इन नामों पर चर्चा
Thursday, Jul 02, 2026-04:57 PM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश के दतिया में उप चुनाव की तारीख का ऐलान हो गया है। यहां 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव घोषित होते ही राजनीतिक हलचल बढ़ गई हैं। वहीं, उप चुनाव में दावेदारों की दौड़ में शामिल नेताओं के नाम पर भी चर्चाएं होने लगी हैं। माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी से पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा को चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है। जबकि कांग्रेस से पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के बेटे समेत कई नामों पर चर्चा हो रही है।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने वाला है। इसके लिए चुनाव आयोग ने तारीख घोषित कर दी है। दरअसल, कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद यह सीट खाली हुई है। जिस पर 30 जुलाई को मतदान होगा। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी से उम्मीदवार के तौर पर नरोत्तम मिश्रा का नाम लगभग तय माना जा रहा है। जबकि कांग्रेस से संभावित उम्मीदवार घनश्याम सिंह, अवधेश नायक और राजेंद्र भारती के बेटे अनुज भारती के नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा आजाद समाज पार्टी से दामोदर यादव का नाम भी सामने आ रहा है।
भाजपा से डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने साल 2023 में कुल 81 हजार 235 वोट मिले थे। उनका वोट शेयर 45.96 प्रतिशत था। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र भारती को कुल 88 हजार 977 वोट हासिल हुए थे। उनका वोट शेयर 50.34 प्रतिशत था। कांग्रेस उम्मीदवार ने 7 हजार 742 वोट के मार्जिन से जीत दर्ज की गई थी। वहीं, कांग्रेस से घनश्याम सिंह दतिया से विधायक रहे हैं। जिसके बाद उन्होंने अपनी सीट बदलकर सेवढ़ा से चुनाव लड़ा। वह सेवढ़ा से 2023 का विधानसभा चुनाव हार गए थे।
अवधेश नायक साल 2023 विधानसभा चुनाव में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। 2023 विधानसभा चुनाव में अवधेश नायक को कांग्रेस ने टिकट भी दिया था, लेकिन बाद में टिकट बदल कर राजेंद्र भारती को दे दिया गया था। राजेंद्र भारती के बड़े बेटे अनुज भारती का नाम भी दावेदारों की दौड़ में शामिल है।

