Punjab Kesari MP ads

चुनाव से पहले BJP का अंदरूनी प्लान आया सामने, संगठन को लेकर लिया बड़ा फैसला

Sunday, Jun 28, 2026-06:41 PM (IST)

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनावों को अभी समय है, लेकिन सियासी दलों ने अपनी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के बाद अब भारतीय जनता पार्टी भी संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने के मिशन में जुट गई है। पार्टी ने स्पष्ट रणनीति के तहत अपने सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों को अलग-अलग सामाजिक वर्गों के बीच पहुंच बनाने और जमीनी स्तर पर फीडबैक जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा का लक्ष्य केवल संगठनात्मक विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार की योजनाओं को लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और विभिन्न वर्गों की वास्तविक समस्याओं को सीधे संगठन तक लाना भी है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक मोर्चे को विशेष कार्ययोजना के साथ मैदान में उतारा गया है।

किसान मोर्चा खेती, सिंचाई, समर्थन मूल्य और कृषि योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर किसानों से संवाद करेगा। युवा मोर्चा रोजगार, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्टार्टअप और खेल गतिविधियों से जुड़े युवाओं की राय और सुझाव एकत्र करेगा। वहीं महिला मोर्चा महिलाओं के बीच सरकारी योजनाओं, विशेषकर महतारी वंदन योजना के लाभ और जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाएगा।

इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चों को भी अपने-अपने वर्गों के बीच सक्रिय संपर्क अभियान चलाने का जिम्मा दिया गया है। इन अभियानों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों, सरकारी योजनाओं की पहुंच और जनभावनाओं का आकलन किया जाएगा, ताकि संगठन की पकड़ हर वर्ग तक मजबूत हो सके।

प्रदेश भाजपा ने सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और जनता से मिले फीडबैक की विस्तृत मासिक रिपोर्ट प्रदेश संगठन को भेजें। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर संगठन यह तय करेगा कि किन क्षेत्रों में अतिरिक्त सक्रियता की आवश्यकता है और भविष्य की रणनीति किस दिशा में बनाई जाए।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा की यह पूरी कवायद आगामी चुनावों की दीर्घकालिक तैयारी का हिस्सा है। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, समाज के हर वर्ग से सीधा संवाद स्थापित करने और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के जरिए पार्टी चुनावी जमीन को पहले से मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News