Punjab Kesari MP ads

दतिया उपचुनाव को लेकर हलचल तेज,नाम का ऐलान नहीं लेकिन कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने खरीदा नामांकन पत्र

Tuesday, Jul 07, 2026-04:44 PM (IST)

दतिया (नवल यादव):दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया अब रफ्तार पकड़ने लगी है। दूसरे दिन भी कई संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। नामांकन अवधि के दौरान तहसील कार्यालय में आम लोगों की आवाजाही पर भी आंशिक प्रतिबंध लगाया गया है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद दूसरे दिन कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने नामांकन पत्र खरीदा। उनके अलावा इंदरगढ़ के हरदास बघेल और रामसिंह बघेल ने भी नामांकन फॉर्म लिया। इसके साथ ही दो दिनों में अब तक कुल पांच नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं।

पहले दिन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संभावित प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव और उनके भाई केशव सिंह यादव के नाम से नामांकन फॉर्म खरीदे गए थे। हालांकि, पार्टी ने अभी तक अपने अधिकृत प्रत्याशी की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

नामांकन प्रक्रिया के लिए तहसील कार्यालय को रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय बनाया गया है, जहां प्रत्याशी नामांकन पत्र खरीदने और जमा करने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इस बीच कलेक्ट्रेट परिसर में चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासनिक बैठकों का दौर जारी है। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत नामांकन अवधि में तहसील कार्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान केवल वैध पासधारकों को ही प्रवेश मिलेगा। वहीं, राजस्व एवं अन्य आवश्यक कार्यों से आने वाले नागरिकों के लिए कलेक्ट्रेट परिसर से वैकल्पिक प्रवेश की व्यवस्था की गई है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News