डबल मर्डर आरोपी पर बड़ी कार्रवाई, वन विभाग ने चलाया बुलडोजर
Thursday, Mar 12, 2026-02:04 PM (IST)
सीहोर (धर्मेंद्र राय) : धरमपुरी हत्याकांड के मुख्य आरोपी हरिसिंह मालवीय के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चला दिया। आष्टा वन परिक्षेत्र के रेंजर नवनीत झा के नेतृत्व में ग्राम धरमपुरी में वन भूमि पर बने अवैध भवन निर्माण को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई वन मंडलाधिकारी अर्चना पटेल के निर्देशन में की गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी द्वारा वन भूमि पर किए गए करीब 3.67 हेक्टेयर अतिक्रमण को हटाते हुए अवैध निर्माण को तोड़ दिया।

कार्रवाई के दौरान सिद्धीगंज और रोलागांव परिक्षेत्र का पूरा वन अमला मौजूद रहा। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सिद्धीगंज थाना पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर तैनात रही।

गौरतलब है कि ग्राम धरमपुरी में कुछ दिन पहले आरोपी हरिसिंह मालवीय ने पुराने विवाद के चलते अपने ही भतीजे और भतीजी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश का माहौल बना हुआ था।

