बंडा शराब कांड के बाद बक्सवाहा में भी शराब को लेकर हड़कंप, दो की तबीयत बिगड़ी
Monday, Sep 14, 2026-06:33 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अब छतरपुर जिले के बक्सवाहा क्षेत्र में शराब पीने के बाद दो लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। दोनों अलग-अलग स्थानों की शराब दुकानों से शराब खरीदने की बात बता रहे हैं। एक मरीज को सागर में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे मरीज भरत यादव को प्राथमिक उपचार के बाद एहतियात के तौर पर दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शराब की गुणवत्ता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी मरीज की तबीयत खराब होने का कारण शराब ही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग अन्य संभावित चिकित्सकीय कारणों को भी ध्यान में रखकर मामले को देख रहे हैं।
बम्हौरी की दुकान से खरीदी थी ‘8 PM’, पहले बंडा में भी पी थी शराब
पहला मामला ग्राम बरा, तहसील बंडा निवासी एक व्यक्ति का है। उसके अनुसार उसने बक्सवाहा विकासखंड के बम्हौरी स्थित शराब दुकान से ‘8 PM’ ब्रांड की शराब खरीदी थी। सेवन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए सागर में भर्ती कराया गया। मामले में यह तथ्य भी सामने आया है कि संबंधित व्यक्ति ने बम्हौरी से शराब खरीदने से पहले बंडा में भी शराब पी थी। ऐसे में तबीयत बिगड़ने की वजह बम्हौरी से खरीदी शराब थी या कोई अन्य कारण, यह जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
बक्सवाहा से ‘McDowell’s’ खरीदी, भरत यादव दमोह रेफर
दूसरा मामला बक्सवाहा के ग्राम कुई निवासी भरत यादव का है। भरत यादव ने बताया कि उसने बक्सवाहा स्थित शराब दुकान से ‘McDowell’s’ ब्रांड की शराब खरीदी थी। इसके सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे बक्सवाहा में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बीएमओ बोले- लक्षण बताए, जोखिम नहीं लिया
बक्सवाहा बीएमओ डॉ. सत्यम आसाटी ने बताया कि मरीज ने कुछ लक्षण बताए थे। उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और किसी तरह का जोखिम न लेते हुए एहतियात के तौर पर दमोह रेफर किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि तबीयत खराब होने का कारण शराब ही है, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच और रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।
टीआई बोले- दोनों मामले संज्ञान में, तत्काल कराया उपचार
बक्सवाहा नगर निरीक्षक प्रशांत सेन ने बताया कि दोनों मामले पुलिस के संज्ञान में हैं। बम्हौरी वाले मामले में व्यक्ति द्वारा पहले बंडा में शराब पीने की जानकारी सामने आई है। इसलिए पूरे घटनाक्रम को इसी क्रम में देखा जा रहा है। वहीं भरत यादव के मामले में सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और उपचार की व्यवस्था कराई गई। पुलिस के अनुसार भरत ने पूर्व में हुई एक दुर्घटना के कारण कभी-कभी सीने में दर्द होने की बात भी बताई है। इसके बावजूद मामले को गंभीरता से लेते हुए उसे आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
अवैध शराब पर नजर, सूचना मिलते ही कार्रवाई का दावा
टीआई प्रशांत सेन ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की नजर है। अवैध शराब की सूचना मिलने पर कार्रवाई की जा रही है। दोनों मामलों में फिलहाल शराब सेवन और तबीयत बिगड़ने के बीच सीधा संबंध साबित नहीं हुआ है। जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

