सागर जहरीली शराब कांड: भाजपा नेता का दिग्विजय सिंह पर पलटवार, बोले- भ्रामक प्रचार करने से बचें; सियासी बयानबाजी से मचा घमासान
Thursday, Sep 10, 2026-10:55 AM (IST)
MP desk: सागर के चर्चित जहरीली शराब कांड को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। खुरई के पूर्व कांग्रेस विधायक और अब भाजपा नेता अरुणोदय चौबे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा है।

अरुणोदय चौबे ने आरोप लगाया कि शराब कांड के आरोपी सिद्धार्थ कुशवाहा को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से जोड़कर पेश किया जा रहा है, जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। चौबे ने इसे दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेता के लिए उचित नहीं बताया। अपने पोस्ट में चौबे ने सिद्धार्थ कुशवाहा के पारिवारिक और कथित कारोबारी संबंधों का उल्लेख करते हुए कई दावे किए। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जानकारी के बिना किसी भी तरह की जानकारी सार्वजनिक करना उचित नहीं है।

चौबे ने दिग्विजय सिंह को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि “भ्रमित जानकारी प्रसारित” करने से बचना चाहिए और आरोपी को बचाने का प्रयास नहीं होना चाहिए। अब इस पूरे मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है।

