भाजपा नेता के घर मिली अवैध शराब, कांग्रेस विधायक बोले- पुलिस 30 पेटी को बता रही 31 क्वार्टर
Sunday, Sep 13, 2026-07:35 PM (IST)
नागदा। महिदपुर रोड थाना क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री और महिदपुर रोड मंडल उपाध्यक्ष रामप्रसाद कुमावत के खिलाफ अवैध शराब रखने के मामले में कार्रवाई के बाद स्थानीय राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई और बरामद शराब की मात्रा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस विधायक दिनेश जैन बोस और उज्जैन जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेश परमार ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मामले में बरामद शराब की वास्तविक मात्रा को कम करके दिखाया।
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि भाजपा नेता के घर से बड़ी मात्रा में शराब मिलने की चर्चा है, जबकि पुलिस रिकॉर्ड में महज कुछ क्वार्टर और बोतलों की बरामदगी दर्ज की गई है। विधायक का आरोप है कि करीब 30 पेटी शराब होने की बात सामने आने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई को सीमित मात्रा तक ही रखा। कांग्रेस ने इसे लेकर पुलिस की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े किए हैं।
कार्रवाई के बाद स्वागत कार्यक्रम में सक्रियता पर सवाल
विवाद उस समय और बढ़ गया जब कांग्रेस विधायक ने दावा किया कि शराब प्रकरण दर्ज होने के अगले ही दिन रामप्रसाद कुमावत भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हरजीत सिंह कड़ोदिया के स्वागत कार्यक्रम में सक्रिय दिखाई दिए।
महिदपुर रोड में स्वागत कार्यक्रम को लेकर जगह-जगह फ्लैक्स और बैनर लगाए गए थे। कार्यक्रम में मंच तैयार कर नवनियुक्त जिला अध्यक्ष का स्वागत किया गया। कांग्रेस का कहना है कि जिस व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने शराब से जुड़ा मामला दर्ज किया है, उसका अगले ही दिन पार्टी गतिविधि में नजर आना कई सवाल खड़े करता है। कुमावत की ओर से कार्यक्रम से जुड़ी सोशल मीडिया रील भी पोस्ट किए जाने का दावा किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई में क्या मिला?
पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर को ग्राम समगावली में अवैध शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामप्रसाद कुमावत के मकान पर दबिश देकर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान 31 क्वार्टर सफेद शराब, लंदन प्राइड की 3 बोतल, 4 बीयर, मैकडॉवेल नंबर वन की एक बोतल और लाल शराब का एक क्वार्टर बरामद किया गया। बरामद शराब की कुल कीमत करीब चार हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। महिदपुर रोड थाना प्रभारी रामसिंह भाभौर का कहना है कि मामला कम मात्रा में शराब से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार शराब घर में निजी उपयोग के लिए लाई गई थी।
नई भाजपा कार्यकारिणी ने किया किनारा
विवाद के बीच भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हरजीत सिंह कड़ोदिया ने मामले को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम सामने आ रहा है, वे पिछली कार्यकारिणी में अलग-अलग जिम्मेदारियों पर थे। व्यक्तिगत रूप से वे उन्हें नहीं जानते थे।
कड़ोदिया के मुताबिक महिदपुर में उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में मंच और कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, इसलिए हर कार्यक्रम में मौजूद लोगों की पृष्ठभूमि की जानकारी होना संभव नहीं था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नई कार्यकारिणी में ऐसे लोगों को जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी, जिनका नाम अवैध गतिविधियों या गलत आचरण से जुड़े मामलों में सामने आता है।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस के आरोपों और भाजपा की ओर से सामने आए स्पष्टीकरण ने स्थानीय सियासत को गरमा दिया है। अब सवाल पुलिस कार्रवाई की मात्रा और मामले में आगे होने वाली जांच को लेकर उठ रहे हैं।

