सागर शराब कांड का मास्टरमाइंड निकला करणी सेना का संभागीय अध्यक्ष, ऐसे करता था कारोबार, SP ने किए बड़े खुलासे
Wednesday, Sep 09, 2026-06:26 PM (IST)
सागर (देवेंद्र कश्यप) : मध्यप्रदेश में सागर जिले के बंडा और विनायका थाना क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के मामलों का पुलिस ने खुलासा करते हुए करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंदू उर्फ चंद्रभान सिंह राजपूत समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनके बताए स्थानों से बड़ी मात्रा में अवैध शराब, खाली क्वाटर्र, ढक्कन, लेबल तथा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये तथा अन्य फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के अनुसार बंडा क्षेत्र में बरेठी मदिरा दुकान के लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत लोधी के संपर्क में रहकर आरोपियों द्वारा अवैध शराब निर्माण किए जाने की जानकारी सामने आई है। ग्राम ततरवारा में चंदू उर्फ चंद्रभान सिंह राजपूत के बाड़े और मक्का के खेत से सागर गोल्ड कंपनी तथा प्लेन मदिरा के 164 खाली क्वाटर्र, 27 लीटर अमानक शराब, करीब 170 ढक्कन, 150 लेबल, शराब मापने का यंत्र, फेवीकाल, टेप, ब्लेड, शराब भरने की छोटी-बड़ी दो चुग्गी तथा 11 कार्टून के गत्ते सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि चंदू राजपूत, शिवान्जय राजपूत और मनीष लोधी ने कथित रूप से मनीष लोधी एवं अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा से शराब बनाने का तरीका सीखा था। इसके बाद ततरवारा स्थित मक्का के खेत में स्प्रिट, बारदाना और रेपर सहित अन्य सामग्री उपलब्ध कराकर सागर गोल्ड के नाम से करीब 50 पेटी नकली शराब तैयार की गई थी।

पुलिस के अनुसार तैयार शराब को ग्राम नौराज, गूगरा, पाटन, छापरी तथा आसपास के गांवों में सेल्समैन के माध्यम से सप्लाई किया गया। पुलिस का कहना है कि कारर्वाई के दौरान दबिश की सूचना मिलने पर चंदू राजपूत और उसके परिवार के लोगों ने अवैध शराब तथा निर्माण सामग्री को जलाकर नष्ट करने का प्रयास किया था। बंडा प्रकरण में कुल 62.4 लीटर शराब जब्त की गई, जिसमें आरोपी जुझार सिंह लोधी से 43.2 लीटर शराब बरामद हुई। विनायका प्रकरण में कुल 189.72 लीटर शराब जब्त की गई, जिसमें मुख्य आरोपी चंदू उर्फ चंद्रभान सिंह राजपूत से 147.6 लीटर शराब बरामद हुई।

पुलिस ने बंडा थाना क्षेत्र के प्रकरण में मनोहर लोधी, दिनेश लोधी, जुझार सिंह लोधी, राजा लोधी, अनिकेत गंधर्व, रविन्द्र सिंह, आकाश राय और गोविन्द्र लोधी को गिरफ्तार किया है। विनायका थाना क्षेत्र के प्रकरण में अरविन्द्र यादव, भगवान सिंह लोधी, मानसिंह अहिरवार, चंद्रभान उर्फ चंदू राजपूत, धर्मेन्द्र राजपूत, सोहन राजपूत, रोहित शिवहरे और राघवेन्द्र राजपूत को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपियों संदीप लोधी उफर् यशवंत सिंह ठाकुर, रवि लखेरा और शिवान्जय बकुर की तलाश की जा रही है। बरेठी मदिरा दुकान के लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत लोधी और रवि लखेरा की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। बंडा थाना क्षेत्र के कुछ गांवों में शराब के सेवन से लोगों की मृत्यु होने की सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित गांवों में इलाजरत लोगों तथा स्थानीय निवासियों से पूछताछ की गई।

