MP में वीएचपी नेता पर मुस्लिम संगठन ने किया फतवा जारी, अलीगढ़ से मिली धमकी
Saturday, May 02, 2026-03:30 PM (IST)
इंदौर। (सचिन बहरानी): विश्व हिंदू परिषद के नेता संतोष शर्मा के खिलाफ एक बार फिर अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के एक मुस्लिम संगठन द्वारा फतवा जारी किया गया है। बता दें कि विश्व हिंदू परिषद के नेता संतोष शर्मा अक्सर मुस्लिम संगठनों के निशाने पर रहते हैं। इससे पहले भी उन्हें इसी तरह के फतवे जारी कर चेतावनी दी जा चुकी है। बताया जा रहा है कि विश्व हिंदू परिषद के नेता संतोष शर्मा द्वारा लगातार मुस्लिम समाज को लेकर दिए जा रहे बयानों से मुस्लिम संगठनों में नाराजगी है। इसी के चलते संगठनों द्वारा आपत्ति जताई जा रही है।
पूर्व में भी मुस्लिम संगठनों द्वारा फतवा जारी कर यह चेतावनी दी गई थी कि यदि पुलिस या प्रशासन द्वारा संतोष शर्मा के बयानों पर रोक नहीं लगाई गई तो उनके खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर अब अलीगढ़ के मुस्लिम संगठन द्वारा एक बार फिर उनके खिलाफ फतवा जारी किए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले भी विश्व हिंदू परिषद के नेता संतोष शर्मा को “सर तन से जुदा” जैसी धमकियां मिल चुकी हैं, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में दर्ज कराई थी। तिलक नगर पुलिस ने उनकी शिकायत पर प्रकरण भी दर्ज किया था।
सुरक्षा को लेकर उनकी ओर से लगातार मांग उठाई जा रही है। इस मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय से भी कई बार मध्य प्रदेश सरकार को पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अभी तक उन्हें किसी प्रकार की सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई है, फिलहाल, फतवा जारी होने के बाद संतोष शर्मा ने कहा कि वे सनातन के लिए हमेशा आवाज उठाते रहेंगे और इस तरह के फतवों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।

