MP में महामंडलेश्वर को मिली जान से मारने की धमकी! पत्र में लिखा- अब तेरी बारी, मोदी और मोहन कोई नहीं बचा पाएगा
Tuesday, Jun 16, 2026-05:26 PM (IST)
उज्जैन (विशाल ठाकुर): निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर और गंगाघाट श्री मौन तीर्थ पीठ के पीठाधीश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी एक पत्र के जरिए दी गई है, जिसमें उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।
उज्जैन के मंगलनाथ रोड स्थित गंगाघाट श्री मौन तीर्थ पीठ में सोमवार शाम एक संदिग्ध पत्र पहुंचा। मंगलवार को जब पत्र खोला गया तो उसमें हाथ से लिखा धमकी भरा संदेश मिला। पत्र में महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर नबी की शान में गुस्ताखी का आरोप लगाया गया है और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। पत्र में उदयपुर के चर्चित कन्हैया लाल हत्याकांड और दिल्ली में हाल ही में हुई एक हत्या का उल्लेख करते हुए लिखा गया है कि “अब तेरी बारी है” तथा “तेरा मोदी और मोहन कोई नहीं बचा पाएगा।” बताया जा रहा है कि यह पत्र उत्तर प्रदेश के महू शहर से भेजा गया है।
धमकी मिलने के बाद महामंडलेश्वर ने तत्काल पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी है। उन्होंने उज्जैन एसपी से शिकायत करते हुए सुरक्षा की मांग की है। सुमनानंद गिरि का कहना है कि सनातन धर्म के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने के कारण उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में उन पर बड़ौदा और उज्जैन में हमले हो चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 और 2025 में भी उन्हें इसी तरह के धमकी भरे पत्र मिल चुके हैं। 2025 में प्रयागराज से भेजे गए एक पत्र में भी सिर तन से जुदा करने की धमकी दी गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पत्र भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। बता दें की हाल ही में सुमन भाई ने एक मुस्लिम युवक को हिंदू धर्म में धर्म वापसी करवाई थी और हाल ही में एक नव दंपति जोड़े की शादी करवाई थी। जिसमें हिंदू लड़के से मुस्लिम लड़की का विवाह हुआ था।

