MP में मौसम विभाग की बड़ी भविष्यवाणी! 21 जिलों में भारी बारिश मचाएगी तांडव, भोपाल में कई स्कूल रहेंगे बंद
Monday, Aug 10, 2026-09:40 AM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। आज यानी सोमवार को मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। करीब 21 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं, राजधानी भोपाल में रविवार रात से लगातार तेज बारिश जारी है। ऐसे में सोमवार को कई स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
मौसम विभाग ने राज्य के 5 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिसमें राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास शामिल है। इसके अलावा उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, खंडवा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, जबलपुर, गुना, शिवपुरी और श्योपुर में भी भारी बारिश हो सकती है। वहीं, इन जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। राजधानी भोपाल के मौसम की बात करें तो रविवार देर रात से बारिश के चलते शहर में कई जगह जलभराव की स्थिति पैदा हुई है। जिस वजह से शहर के कई स्कूलों विशेषकर छोटे बच्चों को छुट्टी की गई है।

वहीं, भोपाल, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, झाबुआ, नीमच, मंदसौर, रतलाम, ग्वालियर, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, कटनी, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं-कहीं तेज व हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
खराब मौसम में लोगों को सतर्क रहने की अपील
1. गरज-चमक के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, पेड़ों या बिजली के खंभों से दूर रहें।
2. आंधी-तूफान के दौरान खुले मैदानों और खेतों में काम करने से बचें।
3. किसानों को भी खेतों में काम करते वक्त सतर्क रहना होगा।
4. खराब मौसम में बच्चों व बजुर्गों का विशेष ध्यान रहना होगा।

