किन्नरों से वसूली करने वाला कथित पत्रकार गिरफ्तार, पुलिस को सोशल मीडिया पर दे रहा था चुनौती

Monday, Mar 16, 2026-08:06 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर शहर की पढ़रीनाथ पुलिस ने किन्नरों से कथित पत्रकार बनकर वसूली करने वाले 20 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फरारी के दौरान लगातार सोशल मीडिया पर अपनी लोकेशन डालकर पुलिस को चुनौती दे रहा था। पुलिस ने उसे मानपुर क्षेत्र से पकड़ने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी का नाम अक्षय कुमायूं है, जो काफी समय से फरार चल रहा था और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी पर आरोप है कि वह खुद को पत्रकार बताकर किन्नरों से वसूली करता था। मामले की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

PunjabKesari

फरारी के दौरान आरोपी लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय था और अपनी लोकेशन शेयर कर पुलिस को चैलेंज दे रहा था। पुलिस को जब उसके मानपुर क्षेत्र में होने की सूचना मिली तो टीम उसे पकड़ने के लिए वहां पहुंची। इस दौरान आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ इंदौर के परदेशीपुरा थाने में भी धोखाधड़ी से संबंधित एक प्रकरण दर्ज है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी इस तरह की गतिविधियों में पहले से शामिल रहा है। फिलहाल पढ़रीनाथ पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने अब तक किन-किन लोगों से वसूली की है और इस पूरे मामले में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

पुलिस का कहना है कि फरारी के दौरान आरोपी की मदद करने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है। यदि जांच में ऐसे लोगों के नाम सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस मामले से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News