गिरफ्तारी देने पहुंचे पूर्व CM के बेटे, भाजपा विधायक की शिकायत के बाद खुद पहुंचे पुलिस स्टेशन
Tuesday, Nov 17, 2026-03:41 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर विवाद गरमा गया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सीएम अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी मंगलवार को अपनी गिरफ्तारी देने सिविल लाइन थाने पहुंचे। मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बनाए गए कथित आपत्तिजनक वीडियो से जुड़ा है। इस मामले में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने अमित जोगी के खिलाफ थाने में FIR दर्ज कराई थी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अमित जोगी ने हाल ही में एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसमें प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के किरदारों को दर्शाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया। वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए भाजपा विधायक राजेश मूणत ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
राजेश मूणत ने जताई थी कड़ी आपत्ति
FIR दर्ज कराने के बाद राजेश मूणत ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जिस तरह का वीडियो बनाया गया और उसमें जिस प्रकार के किरदार निभाए गए, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीति में सिद्धांतों और विचारों की लड़ाई होनी चाहिए। अपनी बात रखने का भी एक तरीका होता है, लेकिन इस तरह की प्रस्तुति स्वीकार नहीं की जा सकती।
वीडियो डिलीट करने के बाद मांग चुके माफी
बताया जा रहा है कि अमित जोगी ने पिछले दिनों 'वोट चोरी' के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ एक आपत्तिजनक वीडियो बनाया था और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट भी किया था। हालांकि विवाद के बाद अमित जोगी ने उस पोस्ट को डिलीट कर दिया था और माफ़ी मांगते हुए दूसरा पोस्ट लिखा था।

