वेलेंटाइन डे से पहले ब्रेकअप से गुस्साए प्रेमी ने की प्रेमिका को जहर पिलाकर मारने की कोशिश, FIR

2/15/2023 1:57:16 PM

खंडवा (निशात सिद्दीकी) : मध्यप्रदेश के खंडवा में वेलेंटाइन डे के तीन दिन पहले प्रेमिका ने जब ब्रेकअप कर लिया तो प्रेमी ये बात सहन नहीं कर पाया। वेलेंटाइन डे के दिन वह घर में घुसा और उसने छात्रा को जबरदस्ती जहर पिलाकर मारने की साजिश रची। शुक्र है कि लड़की ने शोर मचा दिया तो उसके चाचा उसकी जान बचाने के लिए आ गए। आरोपी युवक मौके से भाग गया। परिजन ने बेटी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है।

ये मामला हरसूद के धनोरा गांव का है। हरसूद पुलिस ने 18 वर्षीय लड़की की शिकायत पर आरोपी बंटी पिता विजय सिंह राजपूत निवासी ग्राम धनोरा के खिलाफ धारा 452,328,323 व 506 के तहत केस दर्ज किया है। पीड़िता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा हैं। उसने घटना के बारे में बताया कि, मेरी दो सालों से बंटी से दोस्ती थी। छह माह पहले ही मैंने ब्रेकअप कर लिया। उसके बाद वह मुझ पर लगातार शादी करने का दवाब बना रहा था। मैंने इनकार कर दिया तो उसकी हरकतें बढ़ने लगी। परिजन को इसके बारे में बताया तो उन्होंने बंटी के परिवार से बात कर समझाने का प्रयास किया। बावजूद बंटी नहीं माना और मेरा पीछा करना नहीं छोड़ा। माता-पिता एक रिश्तेदार की शादी में गए हुए थे। तभी बंटी घर में घुस गया। मैं घर में अकेली थी। उसने मेरा मुंह पकड़कर जहर की शीशी मुंह में उड़ेल दी। मैंने शोर मचाया तो पड़ोस में रहने वाले चाचा आवाज सुनकर आए। तब तक बंटी भाग गया था। उसके बाद मुझे अस्पताल में भर्ती करवाया।

हरसूद एसडीओपी रवींद्र वास्कले ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए है। मामले की गंभीरता देखते हुए आरोपी के खिलाफ घर में घुसकर पीड़िता पर शादी के लिए जबरदस्ती दबाव बनाना, उसे जहर पिलाकर उसकी जान लेने की कोशिश करना व हत्या की धमकी देने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी बंटी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Recommended News

Related News