ASI नरेंद्र सिंह यादव और आरक्षक कृष्ण दत्त शिवहरे लाइन अटैच, प्रदर्शनकारी छात्रों पर बल प्रयोग मामले में बड़ा एक्शन
Wednesday, Sep 09, 2026-04:34 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से इंटर्न्स, जूडा एवं एमटीए प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में मुलाकात की। बैठक में छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और हालिया घटनाक्रम को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। इसी के साथ ही MBBS इंटर्न्स की मांगे मान ली गई। इधर मांगें पूरी होते ही छात्रों ने प्रदर्शन खत्म करने का ऐलान किया और भोपाल में जश्न का माहौल शुरु हुआ है।
छात्रों पर बल प्रयोग मामले में कार्रवाई
छात्रों पर बल प्रयोग के मामले में प्रारंभिक जांच में दोषी पाए गए दो पुलिसकर्मियों एएसआई नरेंद्र सिंह यादव और आरक्षक कृष्ण दत्त शिवहरे को लाइन अटैच किया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए जांच टीम का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।

पुलिस कार्रवाई पर प्रतिनिधिमंडल संतुष्ट
बैठक के दौरान जूडा एवं एमटीए प्रतिनिधियों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई प्रारंभिक कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का आभार भी जताया।
घायल छात्रों के इलाज की व्यवस्था
बैठक में घायल छात्रों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। सरकार की ओर से घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई।
स्टाइपेंड बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमति
इंटर्न्स और छात्रों के स्टाइपेंड में वृद्धि के प्रस्ताव को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। स्टाइपेंड बढ़ाने के संबंध में हुई बातचीत पर प्रतिनिधिमंडल ने संतोष व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में हुई सकारात्मक चर्चा, पुलिस कार्रवाई और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार के रुख पर संतोष जताते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का आभार व्यक्त किया।

