इंदौर में अवैध शराब पर बड़ा एक्शन! 12 टीमों ने टोल नाकों पर की चेकिंग, 40 मामलों में कार्रवाई और 300 लीटर शराब जब्त
Wednesday, Sep 09, 2026-07:03 PM (IST)
इंदौर। (सचिन बहरानी): जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग ने बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाया। कलेक्टर के निर्देश पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर 12 विशेष टीमें तैनात की गईं। टीमों ने अलग-अलग टोल नाकों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की। अभियान के दौरान अवैध शराब की बिक्री और अवैध रूप से संचालित ढाबों से जुड़े करीब 40 मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं, करीब 300 लीटर अवैध मदिरा भी जब्त की गई।
दरअसल, इंदौर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला आबकारी विभाग की ओर से विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत उपायुक्त आबकारी इंदर सिंह जामोद और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की निगरानी की।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर 12 विशेष टीमें गठित कर अलग-अलग टोल नाकों पर नाकाबंदी की गई और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने देर रात मौके पर पहुंचकर चेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया और टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित ढाबों और शराब की अवैध बिक्री से जुड़े करीब 40 मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं, लगभग 300 लीटर अवैध मदिरा भी जब्त की गई। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

