SP कोठी पर तैनात ASI की हार्ट अटैक से मौत,परिवार की होली खुशियां मातम में बदली,महकमे में शोक
Tuesday, Mar 03, 2026-09:50 PM (IST)
(शिवपुरी): मध्यप्रदेश के शिवपुरी से एक बड़ी ही दुखद खबर सामने आई है। होली के त्योहार पर एक ASI की मौत हो गई है। इस दुखद खबर के सामने के बाद ही परिजनों और विभाग में मातम का माहौल है।दरअसल ड्यूटी के दौरान ASI की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां पर उसकी मौत हो गई।
दरअसल 58 साल के एएसआई कल्याण सिंह रजक होली के दिन एसपी कोठी पर तैनात थे। लेकिन इसी दौरान ड्यूटी पर ही उनके सीने में तीव्र दर्द होने लगा। उनकी तबीयत बिगड़ती देखकर साथी पुलिसकर्मी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां पर उनको मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस मौत से पुलिस महकमे में शोक है और परिवार तो जैसे दुखों का पहाड़ ही टूट गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पटेल नगर निवासी कल्याण सिंह रजक पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर तैनात थे। लेकिन मंगलवार का दिन उनके लिए अमंगल साबित हुआ। किसी को क्या पता था कि हर दिन की तरह डयूटी निभाने वाले कल्याण सिंह मंगलवार को अंतिम सांस लेंगे।
कई महीनों से उनकी ड्यूटी एसपी कोठी पर थी। हर रोज की तरह कल्याण सिंह एसपी कोठी पर ड्यूटी के लिए पहुंचे थे। लेकिन यहां पर अचानक ही उनकी तबीयत नासाज हो गई और सीने में तेज दर्द उठा। वहां पर मौजूद स्टाफ फौरन कल्याण सिंह को लेकर अस्पताल पहुंचा लेकिन अफसोस तब तक उनकी सांसे थम चुकी थीं।
वहीं मौत के पीछे की वजह हार्ट अटैक बताया जा रहा है। लिहाजा होली के इस मौके पर ASI की मौत से परिवार पर तो जैसे कोई वज्रपात हो गया हो। जहां परिजन सदमे में है वहीं पुलिस महकमे में बेवक्त हुई इस मौत से शोक की लहर है।

