MP में SP के एक्शन से हड़कंप,हेड कांस्टेबल के साथ आरक्षक को किया निलंबित,महकमे में सनसनी
Tuesday, Mar 03, 2026-10:43 PM (IST)
(टीकमगढ़): मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिला से एक बड़ी खबर सामने आ रही है । यहां पर बड़ी कार्रवाई हुई है। दरअसल पुलिस विभाग में 2 पुलिस कर्मियों पर एक्शन हुआ है और एसपी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक के साथ आरक्षक को निलंबित कर दिया है।
दरअसल अस्तौन चौकी में रुपए लेने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने प्रधान आरक्षक और एक आरक्षक को निलंबित करके हड़कंप मचा दिया है। निलंबन की गाज गिराने के साथ ही इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वैसे आपको बता दें कि इस मामले में अब तक पुलिस को किसी तरह की शिकायत नहीं की गई है। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जो अस्तौन चौकी का था। जिसके बादी ही कार्रवाई हुई। हालांकि यह वीडियो दो माह पुराना बताया जा रहा है।
दरअसल इस वीडियो में दो पुलिस कर्मी दिखाई दे रहे हैं । जो प्रधान आरक्षक भूपेंद्र कुमार अहिरवार और आरक्षक रतिराम अहिरवार हैं। दोनों बैठे हैं और सामने 2 शख्स खड़े हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक शख्स से प्रधान आरक्षक भूपेंद्र कुछ पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है । वीडियो में दिख रहा है कि पहले युवक रुपए गिनता है और जब प्रधान आरक्षक को देने आगे बढ़ता है तो वह उसे कुछ कहते हैं। देखा जा सकता है कि प्रधान आरक्षक रुपए लेकर अंदर चले जाते हैं । इस तरह से ये वीडियो काफी वायरल होता है।
हालांकि इस लेन-देन का कारण साफ नहीं है कि किस काम के लिए पैसे लिए हैं। वहीं वीडियो के वायरल होने के बाद एसपी मनोहर सिंह मंडलोई ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक भूपेंद्र सिंह के साथ ही आरक्षक को निलंबित कर दिया है। हालांकि ये कार्रवाई दो महीने पुराने वीडियो के सामने आने पर हुई है और आगे की जांच जारी है।

