Punjab Kesari MP ads

MP कांग्रेस में बड़ा एक्शन! 2 नेता तलब, बढ़ी सियासी हलचल

Wednesday, Apr 22, 2026-11:28 AM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस में वंदे मातरम् विवाद को लेकर हलचल तेज हो गई है। इंदौर नगर निगम की बजट बैठक में वंदे मातरम् गाने से इनकार और कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम और रूबीना इकबाल खान पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दोनों पार्षदों पर धर्म और समुदाय के बीच वैमनस्य फैलाने की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

मामला तूल पकड़ने के बाद अब कांग्रेस संगठन भी सक्रिय हो गया है। प्रदेश कांग्रेस ने पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की है, जिसमें प्रदेश सह-प्रभारी संजय दत्त और इंदौर संभाग प्रभारी उषा नायडू को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि दोनों महिला पार्षदों को पहले भोपाल बुलाया गया था, लेकिन वे अब तक वहां नहीं पहुंची हैं। इससे संगठन के भीतर भी इस मामले को लेकर गंभीरता बढ़ गई है। इसके बाद देवास में बड़ी बैठक रखी गई..

वहीं, भाजपा पार्षदों की शिकायत के बाद एमजी रोड थाना पुलिस ने दोनों पार्षदों के बयान दर्ज किए। नगर निगम से बजट सत्र की वीडियो फुटेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी जुटाई गई। प्राथमिक जांच में इन्हें अहम साक्ष्य माना गया, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।

अब कांग्रेस की दो सदस्यीय जांच समिति को बुधवार तक अपनी रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी को सौंपनी है। रिपोर्ट के आधार पर पार्टी आगे की कार्रवाई तय करेगी। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है और भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News