Punjab Kesari MP ads

MP में दो बड़े अधिकारियों ने अचानक दिया इस्तीफा, विवाद के बाद मचा हड़कंप

Saturday, Apr 25, 2026-11:18 AM (IST)

टीकमगढ़: मध्यप्रदेश के जेल विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब टीकमगढ़ जेल में दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुआ विवाद सीधे इस्तीफे तक पहुंच गया। विभागीय जांच के दौरान हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि डिप्टी जेलर ने गुस्से में आकर अपना त्यागपत्र उच्चाधिकारियों को भेज दिया। हालांकि बाद में जेल मुख्यालय के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया।

सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला टीकमगढ़ जेल अधीक्षक यजुवेंद्र बाघमारे और डिप्टी जेलर अश्विनी शुक्ला के बीच हुए आपसी विवाद से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि एक जांच प्रक्रिया के दौरान दोनों अधिकारियों के बीच चेंबर में बैठने और प्रक्रिया को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गई।

इसी दौरान डिप्टी जेलर अश्विनी शुक्ला ने आरोप लगाया कि जेल अधीक्षक द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे वे आहत हो गए और आवेश में आकर उन्होंने अपना इस्तीफा जेल डीजी को भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल मुख्यालय सक्रिय हुआ और दोनों अधिकारियों से चर्चा के बाद मामले को शांत कराया गया। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद डिप्टी जेलर ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया।

जेल मुख्यालय की ओर से इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए गए हैं। डीआईजी स्तर के अधिकारी को मामले की जांच सौंपी गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जेल डीजी वरुण कपूर ने बताया कि यह मामला आपसी तनाव और आवेश में लिया गया निर्णय था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया है। फिलहाल विभाग ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News