रंग की जगह डाला पेट्रोल, होली पर युवक को जिंदा जलाने की कोशिश...मची चीख पुकार

Wednesday, Mar 04, 2026-02:08 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र की चंदन नगर चौकी अंतर्गत एक युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना में घायल याकूब खान ने बताया कि वह मंगलवार सुबह करीब 6 बजे खेत पर भैंस लगाने (दूध निकालने) खेत पर जा रहा था इसी बीच रास्ते में रुककर गांव के बाहर अपने दो साथियों के साथ आग तापने लगा। इसी दौरान गांव का ही रामगोपाल यादव हाथ में बोतल लेकर वहां पहुंचा। याकूब के मुताबिक, “मुझे लगा होली का त्योहार है, रंग डालने आया होगा। लेकिन उसने रंग की जगह मेरे ऊपर पेट्रोल डाल दिया।” आग तापने के कारण पेट्रोल गिरते ही लपटें भड़क उठीं और याकूब के कपड़ों में आग लग गई। साथी किसी तरह आग बुझाने में जुटे, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

परिजनों का आरोप: समझ से परे हमला

घायल की बड़ी बहन नफीसा और राफीकन खान ने बताया कि गांव में वर्षों से आपसी भाईचारे का माहौल रहा है। “हमारे पूर्वज भी यहीं रहते आए हैं। होली जैसे त्योहार पर इस तरह का जानलेवा हमला समझ से परे है,” उन्होंने कहा कि भाई ने समझा आज होली है तो होली पर रंग डालने आ रहा होगा और रंग डाल रहा है पर जब डाला तो वह पेट्रोल निकला और आग लग गई। अगर पता होता तो वह संभल जाता और बचाव कर सकता था पर मौका ही नहीं मिला।

जूट का बोरा डालकर बुझाई आग

जैसे ही आग लगी तो साथ में आग ताप रहे दो अन्य लोगों ने उसे पर बोर और कपड़ा डालकर आग बुझाई और उसे पर काबू पाया। तो वहीं पेट्रोल डालकर आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ और अब भी फरार है।

पुलिस में दर्ज हुई रिपोर्ट

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं अस्पताल प्रशासन के अनुसार, युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News