Punjab Kesari MP ads

15 हजार की रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

Wednesday, May 06, 2026-04:28 PM (IST)

​ब्यौहारी/शहडोलः भ्रष्टाचार के विरुद्ध रीवा लोकायुक्त टीम ने आज एक बड़ी कार्यवाही करते हुए ब्यौहारी अनुभागीय कार्यालय (SDM कार्यालय) के बाबू को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। न्यायालयीन प्रकरण में पक्ष में फैसला सुनाने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई थी।

​जमीनी विवाद के फैसले के बदले मांगी घूस
​मिली जानकारी के अनुसार, अनुभागीय कार्यालय में पदस्थ बाबू वीर सिंह ने एक जमीनी विवाद के मामले में निर्णय पीड़ित पक्ष के हक में करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। आरोपी बाबू ने शिकायतकर्ता को धमकी दी थी कि यदि पैसे नहीं दिए गए, तो वह केस का निर्णय दूसरे पक्ष (संपत जायसवाल) के समर्थन में करवा देगा।

​20 हजार में तय हुआ था सौदा
​शिकायतकर्ता अंकिता जायसवाल (पति सुरेश जायसवाल) ने इस मामले की शिकायत रीवा लोकायुक्त से की थी। बताया जा रहा है कि बाबू वीर सिंह ने शुरुआत में 20 हजार रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में मामला 15,000 रुपये में तय हुआ।

​लोकायुक्त रीवा की कार्यवाही
​शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने रिश्वत की रकम बाबू वीर सिंह को दी, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के हाथ धुलाते ही पानी का रंग गुलाबी हो गया, जो रिश्वत के लेन-देन का पुख्ता प्रमाण है।

​कार्यालय में मचा हड़कंप
​SDM कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण न्यायिक दंड अधिकारी कार्यालय में हुई इस कार्यवाही से पूरे राजस्व विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त की टीम फिलहाल भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही कर रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News