पुलिस को देखकर घबराए बाप-बेटी, स्कूटी खुलते ही सामने आया ऐसा राज कि सब रह गए हैरान
Wednesday, Sep 16, 2026-12:44 PM (IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांधी नगर थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक पिता-बेटी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से करीब 21 किलो 950 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस बात की जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा भोपाल तक कहां से पहुंचा और इसे शहर में किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था।
सूचना के बाद पुलिस ने तैयार किया ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार गांधी नगर थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में रहने वाला आकाश पारदी अपनी बेटी के साथ मिलकर गांजे की सप्लाई से जुड़ा हुआ है। सूचना में यह भी बताया गया था कि आरोपी जल्द ही बड़ी मात्रा में गांजे की खेप लेकर निकलने वाले हैं। जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। टीम ने संभावित रास्ते पर निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया।
एयरोसिटी रोड पर पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम ने एयरोसिटी रोड के आसपास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका। तलाशी के दौरान पुलिस को गांजे की बड़ी खेप मिली। पुलिस ने मौके से खुशी सोलंकी (19), उसके पिता आकाश पारदी (54) और रतलाम निवासी तुषार चौहान (20) को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 21 किलो 950 ग्राम गांजा बरामद करने का दावा किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जब्त किया गया।
बड़ी खेप के पीछे किसका नेटवर्क?
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप भोपाल में कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों के साथ इस कारोबार में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। बरामद गांजे की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पहले भी सामने आ चुका है ड्रग्स का बड़ा मामला
गौरतलब है कि भोपाल में इससे पहले भी मादक पदार्थों की बड़ी खेप पकड़े जाने का मामला सामने आ चुका है। 14 अगस्त को भोपाल रेलवे स्टेशन पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने करीब 6.325 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद करने की कार्रवाई की थी। जांच एजेंसी के मुताबिक बरामद ड्रग्स की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई गई थी। मामले में एक महिला को भी पकड़ा गया था, जो कथित तौर पर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही थी और और ड्रग्स ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रही थी। अब गांधी नगर में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस की जांच का फोकस भोपाल में सक्रिय नशे के सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने पर है।

