Punjab Kesari MP ads

MP के इस जिले में अचानक बदल गए 3 SDOP, सामने आई नई पोस्टिंग

Monday, Sep 14, 2026-07:15 PM (IST)

रायसेन। मध्यप्रदेश में पुलिस प्रशासन को लेकर रविवार देर रात बड़ा बदलाव किया गया। गृह विभाग की ओर से जारी तबादला आदेश में प्रदेश के 137 पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें 10 आईपीएस और 127 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी शामिल हैं। इसी सूची के तहत रायसेन जिले के तीन प्रमुख पुलिस अनुविभागों में भी अधिकारियों को बदला गया है। रायसेन एसडीओपी प्रतिभा शर्मा का तबादला करते हुए उन्हें भोपाल में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। प्रतिभा शर्मा के स्थान पर अब आकांक्षा तलया रायसेन की नई एसडीओपी होंगी। आकांक्षा तलया इससे पहले टिमरनी में एसडीओपी के पद पर कार्यरत थीं।

करीब तीन साल तक रायसेन में संभाली पुलिसिंग

प्रतिभा शर्मा ने रायसेन एसडीओपी के तौर पर लगभग तीन वर्षों तक जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उनके कार्यक्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ गंभीर अपराधों की जांच और पुलिस कार्रवाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले सामने आए। अब उनके भोपाल तबादले के बाद रायसेन में पुलिसिंग की कमान नई अधिकारी के हाथों में होगी।

औबेदुल्लागंज में भी बदला अधिकारी

तबादला सूची में औबेदुल्लागंज एसडीओपी शीला सुराना का नाम भी शामिल है। उनका स्थानांतरण भोपाल किया गया है, जहां उन्हें उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।

उनकी जगह अब सलिल शर्मा औबेदुल्लागंज एसडीओपी के रूप में कार्यभार संभालेंगे। सलिल शर्मा फिलहाल पुलिस मुख्यालय भोपाल में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। नई पोस्टिंग के बाद वे औबेदुल्लागंज क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़े दायित्व संभालेंगे।

सिलवानी में आशुतोष त्यागी की तैनाती

रायसेन जिले के सिलवानी पुलिस अनुविभाग में भी नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। यहां आशुतोष त्यागी को नया एसडीओपी नियुक्त किया गया है। वे सतना से स्थानांतरित होकर सिलवानी पहुंचेंगे।तीनों अनुविभागों में हुए इस प्रशासनिक बदलाव के बाद अब नए अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था की कमान संभालेंगे। तबादले के बाद अधिकारियों के सामने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी होगी।

प्रदेशभर में एक साथ किए गए इस बड़े पुलिस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय स्तर पर नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत देखा जा रहा है। नई पदस्थापना के साथ रायसेन जिले के पुलिस अनुविभागों में आने वाले दिनों में कामकाज की नई व्यवस्था दिखाई देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News