राज्य में ब्यूरोक्रेसी में बड़ा बदलाव जल्द! कई जिलों के SP और कलेक्टर के होंगे ट्रांसफर
Thursday, Mar 26, 2026-07:56 PM (IST)
भोपाल: मध्यप्रदेश में प्रशासनिक मशीनरी में बड़े फेरबदल की तैयारी पूरी हो चुकी है। गृह विभाग ने आईपीएस अधिकारियों की प्रस्तावित तबादला सूची तैयार कर ली है, जिसे औपचारिक प्रक्रिया पूरी होते ही जारी किया जा सकता है।त्यौहारी सीजन के कारण यह प्रक्रिया थोड़ी देर के लिए रोकी गई थी, लेकिन अब प्रशासनिक स्तर पर अंतिम मंथन चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, 2020 बैच के पांच आईपीएस अधिकारियों को जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP) की कमान मिलने की संभावना है। इससे पहले 2019 बैच के आईपीएस अधिकारियों को जिलों की कमान दी जा चुकी है। वहीं, कोर्ट के आदेश से प्रमोट होकर आईपीएस बने अधिकारियों को भी जिलों की जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टरों की सर्जरी
वल्लभ भवन में फाइलों की आवाजाही तेज है। कम से कम 8 जिलों के कलेक्टर बदले जाने की संभावना है। कुछ अधिकारियों को पदोन्नति के बाद मंत्रालय बुलाया जा सकता है, जबकि कुछ को एक जिले से दूसरे जिले की कमान सौंपी जाएगी। प्रशासनिक हलकों में इसे “सर्जरी” कहा जा रहा है क्योंकि यह बदलाव सिर्फ चेहरों का नहीं, बल्कि कार्यशैली में सुधार और नई रणनीति लाने की कोशिश है।
क्या आगे?
मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव की पहली दौर की चर्चा पूरी हो चुकी है। लिस्ट लगभग फाइनल है। अब बदलाव का ऐलान कभी भी हो सकता है।

