राज्यसभा की 2 सीटों पर मुकाबला तय! कांग्रेस से ये 4 नाम चर्चा में, भाजपा का बड़ा दांव संभव
Saturday, Feb 21, 2026-05:28 PM (IST)
Chhattisgarh Rajya Sabha Election 2026: छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 5 मार्च नामांकन की अंतिम तिथि तय की गई है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में उम्मीदवारों के नाम को लेकर अंदरूनी मंथन तेज हो गया है।
विधानसभा में मौजूदा संख्याबल को देखते हुए एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान द्वारा दिल्ली में ही किया जाएगा और वहीं से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे।
कांग्रेस खेमे में जिन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें PCC अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व PCC अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंह देव शामिल हैं। पार्टी संगठनात्मक मजबूती, आदिवासी समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए नामों पर मंथन कर रही है।
वहीं भाजपा की रणनीति पर नजर डालें तो पार्टी परंपरागत रूप से राज्यसभा में स्थानीय चेहरों को तरजीह देती रही है। इस बार भी छत्तीसगढ़ से ही किसी नेता को राज्यसभा भेजे जाने की पूरी संभावना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा किसी ऐसे नेता पर दांव खेल सकती है जिसकी जमीनी पहचान किसानों और ग्रामीण मुद्दों से जुड़ी रही हो।
इसके साथ ही सरगुजा और बस्तर संभाग को विशेष प्राथमिकता दिए जाने की चर्चा भी सियासी गलियारों में तेज है, ताकि क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधा जा सके। माना जा रहा है कि भाजपा इस बार भी राज्यसभा के लिए कोई चौंकाने वाला नाम आगे कर सभी को सरप्राइज दे सकती है।
अब सबकी नजरें हाईकमान के फैसले पर टिकी हैं, जो यह तय करेगा कि राज्यसभा की ये दोनों सीटें किन नेताओं के खाते में जाएंगी।

