मध्यप्रदेश के 7 लाख कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, बढ़ सकती है इतने प्रतिशत सैलरी
Friday, Oct 17, 2025-07:57 PM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार जल्द ही प्रदेश के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का तोहफा दे सकती है। खबर है कि महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत तक की वृद्धि की संभावना है। यह ऐलान मुख्यमंत्री मोहन यादव दिवाली से पहले या फिर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस (1 नवंबर) पर आयोजित राज्योत्सव में कर सकते हैं।
कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगी राहत
प्रदेश सरकार ने पहले ही पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब नियमित सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। मध्यप्रदेश में वर्तमान में लगभग सात लाख नियमित सरकारी अधिकारी और कर्मचारी हैं, जिन्हें 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा है। केन्द्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता पहले ही 55 से बढ़ाकर 58 प्रतिशत किया जा चुका है। इसके बाद यूपी सरकार ने भी इसे लागू किया।
कर्मचारी संगठनों की मांग
प्रदेश में कर्मचारी और पेंशनर्स के संयुक्त मोर्चे ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जुलाई 2025 से महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि की जाए और जुलाई से सितंबर तक का एरियर भी दिया जाए। कर्मचारी संगठन मानते हैं कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों के भत्ते में बढ़ोतरी के बाद यह कदम न्यायसंगत होगा।