Punjab Kesari MP ads

देश में BJP और कम्यूनिस्ट ही विचारधारा वाले दल, कांग्रेस कोई राजनीतिक दल नहीं, अंग्रेजों का बनाया प्लेटफार्म है-BJP प्रदेश अध्यक्ष

Sunday, Mar 29, 2026-04:11 PM (IST)

(भोपाल)): पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026' के अंतर्गत बीजेपी का विभिन्न मंडलों में मंडल प्रशिक्षण वर्ग जारी है। पिछले कल पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में भोपाल और नर्मदापुरम जिले के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण वर्ग हुआ। इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं की अहमियत पर जोर डाला और उनकी महत्वता बताई। खंडेलवाल ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी का चेहरा हैं। इसलिए ऐसा आचरण और व्यवहार करना चाहिए जिससे पार्टी की छवि जनता के बीच निखरे और अच्छा संदेश जाए।  उन्होंने कहा, कार्यकर्ताओं में सीखने की ललक जिंदा रहनी चाहिए। भाजपा को लगातार सफलता मिल रही है, इसके बावजूद प्रशिक्षण होता है।  इसकी जरूरत इसलिए है कि कार्यकर्ताओं को समाज के साथ चलने के लिए तैयार करना होता है।

देश में 2 ही विचारधारा,  एक BJP, दूसरी कम्यूनिस्ट, कांग्रेस कोई राजनीतिक दल नहीं -हेमंत

इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में दो ही दल विचारधारा वाले हैं, पहली भाजपा है और दूसरे कम्यूनिस्ट। भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक है, जबकि कम्यूनिस्ट पार्टी का उनकी विचारधारा के कारण अस्तित्व ही समाप्त हो गया है।

वहीं इसके साथ खंडेलवाल ने कहा कि  कांग्रेस की तो कोई विचारधारा ही नहीं है। कांग्रेस कोई राजनीतिक दल भी नहीं हैं। यह अंग्रेजों द्वारा बनाया एक प्लेटफार्म था और गांधीजी भी आजादी के बाद कांग्रेस को समाप्त करना चाहते थे।

संकट के समय विपक्ष को सरकार का साथ देना चाहिए-खंडेलवाल

वहीं ईरान इजराइल युद्ध के दौरान गैस और तेल किल्लत पर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विपक्ष को नसीहत दी है। खंडेलवाल ने कहा है कि  संकट के समय विपक्ष को सरकार का साथ देना चाहिए, लेकिन ये हल्ला मचा रहे हैं और अफवाहें फैलाने का काम कर रहे हैं। सरकार के साथ विपक्ष को कदम मिलाकर देशहित में एकजुट होना चाहिए। पहले भी जब इंदिरा गांधी के समय युद्ध हुए हैं और देश संकट में रहा है तो विपक्ष ने सरकारों का साथ दिया है लेकिन कांग्रेस अपना दायित्व नहीं निभा रही है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी ने  लोगों से भी अपील की कि घबराहट में जरुरत से ज्यादा खरीददारी न करें। समय पर जो जरुरत है वहीं खरींदें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News