MP में राज्यसभा की तीसरी सीट पर भी BJP का दांव! संघ से जुड़े इस लो प्रोफाइल नेता को मैदान में उतारा
Monday, Jun 08, 2026-12:31 AM (IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने तीसरी राज्यसभा सीट के लिए मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को उम्मीदवार बनाकर मुकाबले को दिलचस्प मोड़ दे दिया है। अब इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा राजनीतिक संघर्ष देखने को मिल सकता है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री निवास पर करीब एक घंटे तक चली महत्वपूर्ण बैठक में महेश केवट के नाम पर अंतिम सहमति बनी। इसके बाद पार्टी ने उन्हें राज्यसभा चुनाव के लिए तीसरे उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारने का फैसला किया। महेश केवट कल अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
भाजपा के इस कदम को राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी ने एक ओर जहां पिछड़े और मछुआरा समाज को साधने का प्रयास किया है, वहीं कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के सामने नई चुनौती भी खड़ी कर दी है। महेश केवट बुंदेलखंड क्षेत्र के ओरछा-निवाड़ी अंचल से आते हैं और लंबे समय से संगठन तथा सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।

इधर भाजपा के तीसरे उम्मीदवार के मैदान में उतरने के बाद कांग्रेस भी सतर्क हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए कांग्रेस अपने विधायकों को तेलंगाना भेज सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का यह फैसला केवल राज्यसभा चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि आगामी राजनीतिक समीकरणों और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखकर उठाया गया रणनीतिक कदम है। अब सभी की निगाहें नामांकन प्रक्रिया और दोनों दलों की आगे की रणनीति पर टिकी हैं।
मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट पर बढ़ी यह राजनीतिक सरगर्मी आने वाले दिनों में और तेज होने के संकेत दे रही है।

