BJP नेता एवं सोशल मीडिया प्रभारी की निर्मम हत्या, पूरे इलाके में पसरा सन्नाटा
Tuesday, Oct 20, 2026-01:44 PM (IST)
MP desk: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक भाजपा नेता एवं सोशल मीडिया प्रभारी साहेब राम चौहान की निर्मम हत्या की गई। बताया गया कि अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों समेत पार्टी समर्थकों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, खरगोन जिले के रामपुरा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के सेवरी धाम मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी साहेब राम चौहान की बेरहमी से हत्या की गई है। सूत्रों से पता चला है कि बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने बीजेपी नेता पर हमला किया। हमले में उनकी मौके पर मौत की सूचना मिली है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके पर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचा। साहेब राम चौहान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच भी की है। इधर, घटना के बाद से परिजनों, समर्थकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। इसके चलते भीकनगांव थाने के सामने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया गया। जिस वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

