भाजपा नेता के फार्महाउस के बाहर तैनात रहते थे बाउंसर्स, अंदर 4 साल से चल रही थी करोड़ों की अफीम की खेती
Monday, Mar 09, 2026-11:31 AM (IST)
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने बड़े पैमाने पर चल रही अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश करते हुए भाजपा नेता विनायक ताम्रकर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दुर्ग के पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। पुलिस ने ग्राम समोदा और झेनझरी के बीच स्थित एक फार्महाउस से करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में लगी अफीम की फसल जब्त की है।
कार्रवाई के दौरान खेत से करीब 14 लाख 30 हजार अफीम के पौधे बरामद किए गए, जिनकी बाजार कीमत लगभग 7 करोड़ 88 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब चार साल से इस फार्महाउस में अफीम की खेती कर रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि खेती का काम राजस्थान से बुलाए गए मजदूरों के जरिए कराया जा रहा था। वहीं फार्महाउस की सुरक्षा के लिए बाउंसर तैनात किए गए थे, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति अंदर न पहुंच सके। पूरे परिसर को चारों तरफ से गेट लगाकर बंद किया गया था।
पुलिस की जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। डिजिटल सर्वे रिकॉर्ड में इस जमीन पर गेहूं और मक्का की खेती दर्ज कराई गई थी, जबकि उसी की आड़ में अफीम उगाई जा रही थी।
फिलहाल पुलिस इस मामले में भू-स्वामी मुधमति बाला और प्रीति बाला से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। मामला दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र का है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
भाजपा नेता के खेत में उग रही थी अफीम! पार्टी ने किया सस्पेंड, पूर्व CM बोले - 100 एकड़ जमीन पर कब्जा

